भास्कर संवाददाता | कुचामन सिटी
अखिल भारतीय ग्रामीण डाक कर्मचारी यूनियन नागौर के डाक सेवक केंद्रीय मुख्यालय के आह्वान पर 22 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे।
यूनियन सचिव सत्यनारायण पारीक ने बताया कि केंद्रीय मुख्यालय के आह्वान पर नागौर के 750 ग्रामीण डाक सेवक अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे। उन्होंने बताया कि सरकार व डाक विभाग के शोषण व 7वें पे कमीशन की कमलेश चंद्रा कमेटी की रिपोर्ट 2016 से लागू नहीं की जा रही है। इसके विरोध में डाक सेवकों को मजबूरन हड़ताल का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि डाक सेवकों की मुख्य 3 मांगें है, जिनमें कमलेश चंद्रा कमेटी की रिपोर्ट को शीघ्र लागू करवाने, समान काम-समान वेतन दिलाए जाने एवं डाक सेवकों को विभागीयकरण का दर्जा दिलवाकर 8 घंटे का वेतन दिलाए जाने की मांग है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मुख्यालय के आह्वान के अनुसार सभी ग्रामीण डाक सेवक इस आंदोलन में शामिल होकर इसे सफल बनाएंगे।