पीएम आवास योजना के तहत नागौर को एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली है। इस योजना के तहत नागौर को देशभर में पांचवीं रैंक मिली है। हालांकि, सब कुछ सही रहा तो जल्द ही नागौर इस योजना में पहले नंबर पर आ जाएगा।
इससे पहले सेवड़ी में बने एक मकान के मॉडल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सराह चुके हैं। कलेक्टर कुमारपाल गौतम ने नवाचार करते हुए इस योजना के तहत पात्र परिवारों को जिले में मुफ्त बिजली और गैस कनेक्शन के साथ ही सात अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ भी दिया गया। इस नवाचार को पूरे प्रदेश में लागू किया जा चुका है। वहीं, मकान के लाभान्वितों को मुफ्त गैस और बिजली कनेक्शन देने का नागौर का नवाचार पूरे देश में लागू किया जा चुका है। ताजा रैंकिंग में टॉप 10 जिलों में राजस्थान के दो ही शहर हैं। अजमेर को छठा स्थान मिला है। उल्लेखनीय है कि 2016-17 में जिलेभर में पीएम आवास योजना में 4993 मकान बनने थे। इनमें से 4900 पूरे बन चुके हैं। इनके लाभार्थियों को भुगतान भी हो चुका है। जबकि 2017-18 में बनने वाले 6237 मकानों में से 5737 मकान बन चुके हैं। बाकी मकान जल्द बनने पर नागौर पहले पायदान पर आने की उम्मीद है। इससे पहले नागौर के पीएम आवास योजना के मॉडल की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दिल्ली में सराहना कर चुके हैं।
नागौर. प्रधानमंत्री आवास योजना में बने मकान।
अजमेर और बीकानेर जैसे जिलों को पीछे छोड़ा
योजना के पोर्टल के अनुसार, नागौर से आगे उत्तर प्रदेश का इटावा, छत्तीसगढ़ का धमतारी, पश्चिम बंगाल का नादिया, उत्तर प्रदेश का संत कबीर नगर ही आगे हैं। जबकि राजस्थान के अजमेर को छठी और बीकानेर को 29वीं रैंक मिली है। रैंकिंग में ग्राम सभा के संकल्प पत्र अपलाेड करने के 10 फीसदी, पीडब्ल्यूएल के अपलोड के 10 फीसदी, रजिस्ट्रेशन के 10 फीसदी, आवास स्वीकृति के 5 फीसदी, पहली किस्त जारी करने के 7.5 फीसदी, दूसरी किस्त के 15 व तीसरी किस्त के 17.5 फीसदी और मकान पूरे होने के 25 फीसदी अंक निर्धारित किए गए थे। इन सभी श्रेणियों में नागौर को 97.98 अंक मिले हैं।
9 योजना का लाभ देने वाला पहला जिला
नागौर में प्रधानमंत्री आवास योजना के पात्र परिवारों को मकान के साथ-साथ अन्य सभी मूलभूत सुविधाएं भी दी जा रही हैं। इन परिवारों को बिजली, पानी, स्वास्थ्य, खाद्य सुरक्षा से जुड़ी सरकार की 9 अन्य योजनाओं का भी लाभ मिलता है। यह सुविधाएं देने वाला नागौर प्रदेश का पहला जिला है। कलेक्टर कुमारपाल गौतम ने यह नवाचार किया है। उन्होंने कंप्लीट फेसिलिटी कैंपेन (सीएफसी) नाम से यह अभियान चलाया था। पात्र परिवारों को दीनदयाल योजना में बिजली कनेक्शन व दो-दो सीएफएल, गैस कनेक्शन, टांका का फायदा मिल रहा है।