नागदा | कृष्णा जीनिंग परिसर की जमीन पर अतिक्रमण फैलता जा रहा है। 2004 में रानी लक्ष्मीबाई मार्ग से सब्जी मार्केट इसलिए हटाया था क्योंकि मुख्य मार्ग बाधित हो रहा था। जीनिंग की जमीन का विवाद कोर्ट में विचाराधीन होने पर एक पक्ष के ओझा परिवार ने नपा को परिसर की 16 बीघा जमीन में से ढाई बीघा जमीन सब्जी मंडी लगाने के लिए दान की थी। जमीन दानदाता स्व. राधाकिशन ओझा ने तत्कालीन नपा अध्यक्ष विमला चौहान से ये शर्त भी रखी थी कि कोर्ट से फैसला उनके हक में भी आया तो वे मंडी के लिए दान भूमि वापस नहीं लेंगे। साथ ही ये शर्त भी थी कि ढाई बीघा से एक इंच जमीन भी मंडी के लिए नहीं होगी। लेकिन फिलहाल हकीकत ये है कि जीनिंग की 60 प्रतिशत जमीन पर गैर सब्जी विक्रेताओं ने कब्जा कर लिया है। यहां अनाधिकृत लोगों ने गुमटी रख किराया वसूलना भी शुरू कर दिया है।
सड़क घेरी, रहवासी कॉलोनी तक फैला बाजार
नपा की अनदेखी से लोगों ने सब्जी मंडी पहुंच मार्ग की मुख्य सड़क पर भी कब्जा कर लिया है। जिससे आवागमन तो बाधित हो रहा है, ज्यादातर दुकानदारों ने सांठगांठ कर सड़क पर दुकान लगाई है।