व्यापारी चिल्लर लेने से कर रहे हैं इनकार, लगवाया जाए दुकानों पर बोर्ड
नागदा | शहर के व्यापारियों द्वारा चिल्लर लेने से इनकार किया जा रहा है। इसकी शिकायत शहर कांग्रेस कमेटी महामंत्री लक्ष्मी चौरसिया ने एसडीएम कार्यालय में कर व्यापारियों की दुकान पर चिल्लर स्वीकार करने के बोर्ड लगवाने की मांग की है। चौरसिया के मुताबिक शहर की कॉलोनी व गली-मोहल्लों में छोटी-छोटी दुकानें संचालित होती है। इन दुकानों पर उपभोक्ता चिल्लर लेकर ही पहुंचता है। छोटे व्यापारी इन चिल्लरों को जब बाजार में लेकर पहुंचता है तो व्यापारियों द्वारा इन्हें लेने से साफ इनकार कर दिया जाता है। चौरसिया के मुताबिक यह भारतीय मुद्रा का अपमान है। उन्होंने बाजार में बड़ी दुकानों पर चिल्लर स्वीकार करने का बोर्ड लगाने की मांग की है।