शहर के मध्य व रहवासी क्षेत्र में स्थित मछली व मटन मार्केट को बाहर करने के लिए रविवार को जनप्रतिनिधियों व अधिकारियों द्वारा एक घंटे तक शासकीय भूमि का निरीक्षण किया। इसके बाद स्लाटर हाउस निर्माण के लिए दशहरा मैदान की जमीन का चयन किया गया है। सोमवार से चयनित भूमि का समतलीकरण करने का कार्य नपा द्वारा शुरू किया जाएगा।
मछली व मटन मार्केट से परेशान रहवासियों द्वारा लगातार लिखित शिकायत की जा रही थी। इसे लेकर रविवार को विधायक दिलीपसिंह शेखावत, नपाध्यक्ष अशोक मालवीय द्वारा रविवार को साप्ताहिक अवकाश होने के बाद भी प्रशासनिक अधिकारियों के साथ भूमि चयन के लिए सरकारी भूमि का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के बाद दशहरा मैदान स्थित सुलभ कॉम्पलेक्स के पास रिक्त जमीन काे चिह्नित किया गया। सोमवार से जमीन का समतलीकरण किया जाएगा, ताकि उसके बाद स्थिति स्पष्ट हो सके कि कितनी भूमि उपयोग करने योग्य है। इस दौरान लोनिवि चेयरमैन हरीश अग्रवाल, पार्षद सुनील गुर्जर, कमल शर्मा, एसडीएम डॉ. रजनीश श्रीवास्तव, पटवारी अनिल शर्मा, एई आबिद अली, शाहिद मिर्जा, रईस कुरैशी आदि मौजूद थे।
मेहतवास में होगा गोशाला का निर्माण
विधायक शेखावत व नपाध्यक्ष मालवीय ने गोशाला निर्माण के लिए भूमि का निरीक्षण भी किया, ताकि शहर को आवारा मवेशियों से भी छुटकारा दिलाया जा सके। वर्तमान में कांजी हाउस रहवासी क्षेत्र में स्थित है तो जगह भी कम है। ऐसे में अभियान चलाने के बाद आवारा मवेशियों को रखने की समस्या खड़ी हो जाती है। इसे लेकर मेहतवास स्थित खड़खड़ बाबा के समीप लगभग 50 बीघा जमीन का चयन गोशाला के लिए किया गया है। विधायक शेखावत ने सोमवार को भूमि का सीमांकन कर नगर पालिका को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू करने की बात एसडीएम को कही।
नक्शे में सरकारी जमीन देखते हुए।