- Hindi News
- National
- देश के रेल नेटवर्क से जुड़ा अपना भानुप्रतापपुर मोदी ने बीजापुर से ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
देश के रेल नेटवर्क से जुड़ा अपना भानुप्रतापपुर मोदी ने बीजापुर से ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
भास्कर न्यूज|कांकेर/भानुप्रतापपुर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजापुर प्रवास से वीडियो कांफ्रेंसिंग से भानुप्रतापपुर में रेलसेवा का शुभारंभ किया। आजादी के 71 सालों बाद 498 सवारियों से भरी डेमू ट्रेन पहली बार भानुप्रतापपुर स्टेशन से 14 अप्रैल को दोपहर 1.41 बजे रवाना हुई। ट्रेन के रवाना होते ही सवार यात्री खुशी से झूमने लगे।
दल्लीराजहरा-रावघाट-जगदलपुर रेल परियोजना अंतर्गत भानुप्रतापपुर स्टेशन से गुदुम स्टेशन तक नवनिर्मित रेलवे लाइन का लोकार्पण एवं भानुप्रतापपुर स्टेशन से गुदुम स्टेशन तक विस्तारित पैसेंजर सेवा का वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से हरी झंडी दिखाकर शुभारंभ किया। इसके साथ ही कांकेर जिला दुर्ग से रेल सेवा से सीधे जुड़ गया।
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन मंत्री अमर अग्रवाल, सांसद विक्रम उसेंडी, बस्तर विकास प्राधिकरण उपाध्यक्ष भोजराज नाग, भानुप्रतापपुर विधायक मनोज मंडावी, मत्स्य बोर्ड अध्यक्ष भरत मटियारा, भाजपा जिलाध्यक्ष हलधर साहू, कलेक्टर टामनसिंह सोनवानी, जिला पंचायत सीईओ ऋचा प्रकाश चौधरी, बिलासपुर जोन रेलवे जीएम सुनील सिंह सोइन उपस्थित थे। भास्कर से चर्चा करते सांसद विक्रम उसेंडी ने कहा ट्रेन शुरू हो चुकी है। विभिन्न संगठनों ने ट्रेन भानुप्रतापपुर से सुबह चलाने की मांग की है। मांग जायज है। रेलमंत्री से बात कर ट्रेन सुबह रवाना होकर शाम को लौटे इसके लिए प्रयास किया जाएगा।
दोपहर ठीक 1.41 बजे जैसे ही बीजापुर से कांफ्रेंसिंग के जरिए पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखाई तभी स्टेशन से रवाना हुई ट्रेन।
पहले दिन ट्रेन में यात्रा करने वाले 498 मुसाफिरों ने कुल 6965 रुपए की टिकट कटाई
अप ट्रेन संख्या-78815, डाउन ट्रेन संख्या-78818
ये है दुर्ग जाने वाली ट्रेन का टाइम टेबल
भानुप्रतापपुर - दोपहर 1.25
गुदुम - दोपहर 1.42
दल्लीराजहरा - दोपहर 2.08
कुसुमकसा - दोपहर 2.15
बालोद - दोपहर 2.37
लाटाबोर - दोपहर 2.48
सिकोसा - दोपहर 2.57
गुंडरदेही - दोपहर 3.07
रिसामा - दोपहर 3.20
पऊवारा - दोपहर 3.28
मरौदा - दोपहर 3.45
दुर्ग - शाम 4.20
भानुप्रतापपुर आने वाली ट्रेन का समय
दुर्ग से रवाना - सुबह 10.23
मरौदा - सुबह 10.48
पऊ वारा - सुबह 10.57
रिसामा - सुबह 11.05
गुंडरदेही - सुबह 11.18
सिकोसा - सुबह 11.28
लाटाबोर - सुबह 11.36
बालोद - सुबह 11.53
कुसुमकसा - दोपहर 12.11
दल्लीराजहरा - दोपहर 12.31
गुदुम - दोपहर 12.54
भानुप्रतापपुर - दोपहर 1.15
रेल शुरू होने से अब सभी वर्ग को होगा लाभ
पहले दिन रेलवे स्टेशन पहुंची स्कूली छात्रा लाली सिन्हा, अम्बिका, रश्मि के अलावा गजानंद, ईश्वर, रोहित, जीवराखन ने कहा आजादी के बाद आज सुनहरा अवसर आया है। भानुप्रतापपुर से रेल सेवा शुरू होने से कांकेर जिले के लोगों के साथ व्यापारियों, छात्रों, युवाओं और सभी वर्ग के लोगों को इसका लाभ मिलेगा। व्यवसायी अनिल जैन, राजकुमार गुप्ता ने कहा आदिवासी अंचल के लोग अब रेल सेवा से दुर्ग और राजधानी रायपुर से सीधे जुड़ गए। रेल परिचालन से क्षेत्र की तरक्की होगी और विकास के अवसर प्राप्त होंगे। युवक देवेंद्र कुमार, तनवीर खान ने कहा आज बेहद प्रसन्नता हो रही है।
19 मिनट में किया 17 किमी सफर तय: भानुप्रतापपुर से ट्रेन 1.41 मिनट पर छूटी, पहले स्टेशन पड़ोसी जिला बालोद के गुदुम ठीक 2 बजे पहुंची। 17 किमी का सफर 19 मिनट में पूरा हुआ।
महिला यात्री का गुमा पर्स जवान ने लौटाया
भानुप्रतापपुर से ट्रेन के रवाना होने के दौरान धक्कामुक्की में महिला यात्री सुलोचना जैन का पर्स गुम हो गया। उक्त पर्स आरपीएफ जवान वृंदालाल यादव को मिला। पर्स में मोबाइल फोन भी था। जवान ने महिला को खोज निकाला तथा तसदीक कर पर्स लौटाया।
पहले ही दिन चेन पुलिंग
भानुप्रतापपुर से छूटने के बाद ट्रेन थोड़ी दूर चलने के बाद चौगेल में रुक गई। ट्रेन स्टाफ ने बताया पुलिंग के कारण ट्रेन रोकनी पड़ी। पड़ताल में पता चला किसी यात्री ने धोखे से पुलिंग कर दी है।
आरक्षित टिकट नहीं: भानुप्रतापपुर में टिकट खिड़की ट्रेन रवाना होने के एक घंटे पहले खुलेगी, ट्रेन रवाना होते ही बंद हो जाएगी। फिलहाल यहां आरक्षित ट्रेनों की टिकट नहीं दी जाएगी।