योजना का लाभ देने में कोताही बरतने वाले पीडीएस संचालक नपेंगे
पीएम उज्जवला योजना का लाभ सही तरीके से लाभुकों को देने के लिए मंगलवार को एसजेएसवाई सभागार में बीस सूत्री उपाध्यक्ष संतन मिश्रा की अध्यक्षता में नाला, कुंडहित अाैर फतेहपुर प्रखंड के पीडीएस दुकानदारों की बैठक हुई। बैठक में स्पष्ट शब्दों में कहा गया कि उज्जवला योजना में किसी भी तरह की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिथिलता बरतनेवालों के खिलाफ कार्रवाई होगी। मौके पर उज्जवला योजना प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला आपूर्ति पदाधिकारी प्रतिभा कुजूर ने योजना क्रियान्वयन की प्रगति पर असंतोष व्यक्त करते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर शत प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करें। सभी लाभुकों का केवाईसी पूर्ण कर गैस एजेंसी को सौंपे और यदि एजेंसी के स्तर पर कार्य में कोताही होता है तो वे भी नहीं बचेंगे। कहा कि इस कार्य में जो डीलर एक सप्ताह के भीतर लक्ष्य पूर्ण नहीं करेंगे उन्हें चिह्नित कर लाइसेंस रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। डीएसओ ने कहा कि जिन लाभुक का नाम सामाजिक आर्थिक सर्वेक्षण के तहत नहीं भी शामिल है और वे अंत्योदय कार्डधारी, एससी-एसटी कार्डधारी, बीसी-वन तथा प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चिह्नित लाभुक है उन्हें उज्जवला योजना के तहत लाभांवित करें। मौके पर जिला बीस सूत्री कमेटी के उपाध्यक्ष संतन मिश्रा ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के क्रियान्वयन में एमओ से लेकर डीलर तक से सहयोग करने की अपील की।
कहा कि यह प्रधानमंत्री का एक महत्वाकांक्षी योजना है जिससे उचित लाभुक को जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि जहां भी कोई कठिनाई हो इसके लिए बीस सूत्री कमेटी से सहयोग लें। कहा कि इस योजना से जहां गरीबों का सपना पूरा होगा वहीं धुआं से भी ग्रामीणों को मुक्ति मिलेगी तथा विभिन्न श्वास संबंधी बीमारियों से छुटकारा मिलेगा। मौके पर फतेहपुर बीस सूत्री कमेटी के अध्यक्ष चिंतामणि भंडारी, उपाध्यक्ष बद्री मंडल, नाला के अध्यक्ष संतोष सिंह, जिला कमेटी के सदस्य प्रभाष हेम्ब्रम तथा तीनों प्रखंड के डीलर तथा गैस एजेंसी के प्रतिनिधि मौजूद थे।
पीएम उज्ज्वला योजना की समीक्षा करते अधिकारी।
बैठक में शामिल पीडीएस दुकानदार व अन्य।