सीएससीई-गर्वनेंस के तत्वावधान में देश भर में आयोजित स्वच्छता पखवारा में झारखंड राज्य से प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रज्ञा केन्द्र संचालक गोविन्दनाथ माजी को नई दिल्ली के सिरीफोर्ट आॅडिटोरियम में भारत सरकार के इलेक्ट्रोनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद की उपस्थिति में भारत सरकार के आईटी सचिव अजय प्रकाश साहनी एवं सीएससी के मुख्य कार्यकारी पदाधिकारी दिनेश त्यागी द्वारा संयुक्त रुप से लैपटाॅप-प्रोजेक्टर प्रदान कर सम्मानित किया गया। उक्त कार्यक्रम में सीएससी एसपीभी के ऋषिराज सिंह, प्रशांत राठौर, तृप्ति जैन, डाॅ आरची, आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर एनएम पंत उपस्थित थे।
विदित हो कि जामताड़ा जिले के नाला के सुदूरवर्ती इलाका कास्ता पंचायत के प्रज्ञा केन्द्र संचालक गोविंदनाथ माझी ने एक फरवरी से 15 फरवरी तक प्रतिदिन कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता के लिए जागरुक करने का कार्य किया था। इसके पूर्व भी गोविन्द नाथ माजी को झारखण्ड के मुख्यमंत्री रघुवर दास ने ग्रामीण क्षेत्र में डिजीटल साक्षरता बढ़ाने के बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया था। सीएससी जिला प्रबंधक सलिल कुमार ने उन्हें बधाई दी है।