कालीपहाड़ी में गला रेता हुआ युवक का शव मिला
नाला थाना क्षेत्र स्थित कालीपहाड़ी गांव के पास पुलिस ने एक अज्ञात शव बरामद किया है। पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार घटना 2-3 दिन पहले की है तथा देखने से प्रतीत होता है कि गला रेतकर किसी ने हत्या कर शव को गांव के पास पलाश जंगल स्थित खेत में फेंक दिया है। ग्रामीणों से मिली खबर के अनुसार मंगलवार रात को पुलिस ने शव बरामद कर थाना लाया है। बुधवार सुबह पोस्टमार्टम के लिए शव को सदर अस्पताल जामताड़ा भेजा गया है। शव का शिनाख्त नहीं हो सका है। मालूम हो कि घटनास्थल से महज एक किलोमीटर दूर यानी अजय नदी के उसपार बंगाल का सीमा शुरू होता है। इतना ही नहीं दो दिन पहले यानी 14 मई को बंगाल में पंचायत चुनाव भी संपन्न हुआ है। यही वजह है कि मृतक बंगाल के होने की संभावना भी व्यक्त की जा रही है।
इस घटनाक्रम की तफ्तीश के लिए नाला थाना पुलिस ने बंगाल के निकटस्थ थानाध्यक्ष से संपर्क करना भी शुरू किया है। शव मिलने के बाबत नाला थाना में प्राथमिकी दर्ज किया गया है। वहीं पुलिस युवक की पहचान के लिए प्रयास कर रही है।