विधायक के दबाव में हटाया गया था, पटवारी का अटैचमेंट खत्म करो
डिप्टी कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते ग्रामीणजन।
ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपकर लगाया आरोप, तुरंत अटैचमेंट समाप्त
भास्कर संवाददाता | आगर-मालवा
ग्राम भादवा गाता व किशनपुरा के किसानों ने मंगलवार को कलेक्टर के नाम का ज्ञापन डिप्टी कलेक्टर मनीष जैन को सौंपकर हल्का पटवारी त्रिलोक पाटीदार का अटैचमेंट खत्म करने की मांग की।
ग्रामीणों ने ज्ञापन में आरोप लगाकर बताया कि पाटीदार को विधायक गोपाल परमार के दबाव में हटाया गया है। जबकि पटवारी द्वारा ईमानदारीपूर्वक काम किया जा रहा था। उनके काम से ग्रामीण भी संतुष्ट थे। ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी लिखा है कि यदि पटवारी को हमारे हल्के का चार्ज नहीं दिलाया गया, तो आंदोलन किया जाएगा। इस अवसर पर श्यामसिंह, अर्जुनसिंह, मांगूसिंह, नानूराम, मानसिंह, मोतीसिंह, देवीसिंह चौहान आदि मौजूद थे।
विधायक बोले- पटवारी ने ग्रामीणों को लालच देकर दिलवाया ज्ञापन
विधायक गोपाल परमार पर ग्रामीणों द्वारा आरोप लगाने के बाद जब भास्कर ने विधायक से चर्चा की, तो उनका कहना रहा कि अटैचमेंट व स्थानांतरण शासकीय प्रक्रिया है, इससे मेरा कोई लेना-देना नहीं है। इस प्रकार का ज्ञापन पटवारी ने ग्रामीणों को लालच देकर दिलवाया होगा।
कलेक्टर ने किया अटैचमेंट समाप्त
ग्रामीणों द्वारा ज्ञापन देने के बाद कलेक्टर अजय गुप्ता ने पटवारी त्रिलोक चन्द्र पाटीदार को पटवारी हल्का नम्बर 25 पिलवास नलखेड़ा से आगर तहसील में कार्य करने का आदेश दिया है।