कलेक्टर ने बीएमओ व ड्यूटी डाॅक्टर को दिया नोटिस
सीएमएचओ ने बनाई जांच टीम मामला नलखेड़ा अस्पताल में हुई गर्भवती महिला की मौत का
भास्कर संवाददाता | आगर-मालवा
मंगलवार रात को नलखेड़ा के सरकारी अस्पताल में डिलेवरी के लिए आई महिला व गर्भस्थ शिशु की मौत के मामले में कलेक्टर अजय गुप्ता ने नलखेड़ा के बीएमओ व ड्यूटी डाॅक्टर को शोकाज नोटिस जारी किया है।
सीएमएचओ डाॅ. बी.एस. बारिया ने सर्जन डॉ. संजय शर्मा व स्त्रीरोग विशेषज्ञ डॉ. आरती परमार का दो सदस्यीय जांच दल बनाया है। दल सदस्य जांच करके तीन कार्य दिवस में अपनी रिपोर्ट सीएमएचओ को सौंपेंगे। ज्ञात रहे मोल्याखेड़ी निवासी मनीषा पति सिद्धनाथ पाटीदार को उसके परिजन ने मंगलवार को नलखेड़ा अस्पताल में डिलेवरी के लिए भर्ती किया था। परिजन का आरोप है कि ड्यूटी पर मौजूद डाॅक्टर ने मनीषा को केवल एक ही बार देखा और हमसे कहा गया कि नलखेड़ा में ही डिलेवरी हो जाएगी। नर्सों ने भी लापरवाही बरती। जब मनीषा की तबीयत ज्यादा बिगड़ गई, तो आगर रैफर कर दिया। आगर लाने पर डाॅक्टरों ने मनीषा को मृत घोषित कर दिया था। परिजन लापरवाह डाॅक्टर व नर्सों पर कार्रवाई की मांग कर रहे थे, जिस पर कलेक्टर व सीएमएचओ ने यह कार्रवाई की है।