दिव्यांग बच्चे से मारपीट, परिजन ने छात्रावास अधीक्षक पर लगाया आरोप
नगर का रहवासी होकर मानसिक रूप से दिव्यांग छात्र श्याम पिता देवेंद्र कुशवाह (13) पिछले वर्ष जुलाई से आगर के दिव्यांग छात्रावास में रहकर पढ़ाई कर रहा है। इस छात्र के साथ छात्रावास में मारपीट का मामला सामने आया है। परिजन ने छात्रावास अधीक्षक पर ही आरोप लगाकर नलखेड़ा थाने में लिखित शिकायत की है।
छात्र श्याम की मां लीलाबाई ने बताया हमारे द्वारा बच्चे को पिछले साल जुलाई में छात्रावास में छोड़ा गया था। हाल ही में गुरुवार को मैंने अपने बच्चे का हालचाल जानने छात्रावास अधीक्षक धीरजसिंह को फोन लगाया, तो वह बोले आपके बच्चे की तबीयत खराब है। उसका इलाज करवा दिया है, आप अपने बच्चे को कुछ दिनों के लिए अपने घर ले जाओ। शुक्रवार को मैं जब आगर पहुंची, तो देखा बेटे श्याम की एक आंख पर सूजन है। अधीक्षक से पूछा, तो उन्होंने बताया आपका बच्चा गिर गया था, इसके कारण चोट लग गई। मैं अपने बच्चे को लेकर नलखेड़ा आई, तो देखा उसकी पीठ पर लकड़ी से मारपीट के निशान हैं। हमने नलखेड़ा पुलिस थाने में शिकायती आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
मामले में छात्रावास अधीक्षक धीरज सिंह ने बताया हमारे छात्रावास में विभिन्न श्रेणियों के 35 दिव्यांग बच्चे हैं। उक्त बच्चे अचानक आवेश में आ जाते हैं। उन बच्चों द्वारा छात्र श्याम को लकड़ियों से पीटा गया। मैंने तत्काल बच्चों के बीच जाकर बीचबचाव किया। श्याम के परिजन मुझ पर जो मारपीट का आरोप लगा रहे हैं, वह गलत है। मैंने श्याम के साथ कोई मारपीट नहीं की।
छात्रावास में रहने वाले अपने बेटे की पीठ पर उभरे निशान दिखाती मां।