पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • साहब बार बार फेल कर देते हैं सर्वेयर फसल का नमूना

साहब बार-बार फेल कर देते हैं सर्वेयर फसल का नमूना

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर संवाददाता | आगर-मालवा

राजस्व विभाग के प्रमुख सचिव अरुण पांडेय शनिवार को आगर जिले के दौरे पर आए और कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। पांडेय के सामने किसानों ने खुलकर अपनी व्यथा बताई। ग्राम पालड़ा निवासी लालसिंह ने बताया कि 2 दिन पहले वह गांव के ही लक्ष्मीनारायण यादव का चना लेकर मंडी आया था। सर्वेयर ने बार-बार नमूना फेल कर दिया। इस कारण फसल वापस ले जाना पड़ी। भाड़ा भी मुझे डबल देना पड़ा।

यह समस्या आखाखेड़ी के नंदकिशोर शर्मा ने बताई। उनका कहना था कि मंडी में चना लेकर आया हंू, सर्वेयर बार-बार नमूना फेल कर रहे हैं। प्रमुख सचिव पांडेय व कलेक्टर अजय गुप्ता ने सर्वेयर को बुलाकर बात की। प्रमुख सचिव ने सर्वेयर से कहा कि किसान मेहनत से फसल का उत्पादन करता है। फसल यदि ठीक नहीं है, तो उससे कहा जाए कि फसल को छनवा ले, ताकि नमूना फेल न हो। उन्होंने किसानों से भी आग्रह किया कि यदि आप अपनी फसल व्यापारी को बेचेंगे, तो कम दाम मिलेंगे। इसलिए फसल छानकर व बिना कंकर-मिट्टी वाली ही लाएं। जिससे आपको परेशानी न हो। सहकारिता से जुड़े संजय फुलेरा ने प्रमुख सचिव को बताया कि किसानों के पास जगह की कमी होती है। ऐसे में वे फसल अलग नहीं रख पाते। यदि कांटे वाले चने में कुछ मात्रा विशाल की मिल जाती है, तो सर्वेयर उसे फेल न करे। प्रमुख सचिव ने मंडी में आए किसानों को बुलाकर उनसे बिना किसी हिचक के अपनी बात रखने का आग्रह किया।

उन्होंने किसानों से यह भी पूछा कि समर्थन मूल्य पर जो गेहूं बेचा था उसका भुगतान कितने दिनों में मिला, आदि समस्याएं सुनीं। उन्होंने इस संबंध में कलेक्टर व अन्य अधिकारियों को दिशा-निर्देश भी दिए। इसके बाद नलखेड़ा और बड़ौद पहुंचकर वहां भी खरीदी व्यस्था का अवलोकन किया। अधिकारियों की बैठक लेकर परिवहन में तेजी लाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निर्देश देते प्रमुख सचिव।

फसलों को भी देखा

मंडी में निरीक्षण के दौरान पांडेय कई किसानों के पास खुद गए। उनसे फसल के बारे में जानकारी ली। इसी बीच एक किसान ने उन्हें बताया कि 11 मई को उसने उपज बेची थी, आज तक इसका भुगतान नहीं हुआ है। प्रमुख सचिव के निर्देश पर कलेक्टर ने मार्केटिंग सोसायटी आगर के कर्मचारियों को तत्काल किसान के खाते में भुगतान डलवाने के आदेश दिए। रेस्ट हाउस पहुंचने पर कलेक्टर अजय गुप्ता ने अगवानी की। सपाक्स समाज के जिलाध्यक्ष राजेश देसाई ने गुलदस्ता भेंट किया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी एसडीएम वर्षा भूरिया, तहसीलदार मुकेश सोनी, आपूर्ति अधिकारी केएस पेंड्रो के अलावा जिला विपणन अधिकारी नागरिक आपूर्ति व कृषि उपज मंडी के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...