पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • परनामी का इस्तीफा, गजेंद्र सिंह का प्रदेशाध्यक्ष बनना तय, मेघवाल पर नहीं बन पा रही सहमति

परनामी का इस्तीफा, गजेंद्र सिंह का प्रदेशाध्यक्ष बनना तय, मेघवाल पर नहीं बन पा रही सहमति

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
उपचुनाव में 3-0 की हार के बाद राजस्थान में बुधवार को सियासी घटनाक्रम तेजी से बदला। कई दिनों से प्रदेश अध्यक्ष को बदलने को लेकर जो कयास लग रहे थे, वे बुधवार सुबह सच हो गए। पार्टी प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी ने इस्तीफा दे दिया। जोधपुर सांसद और केंद्र में मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत का प्रदेशाध्यक्ष बनना तय माना जा रहा है। लेकिन उनके विदेश में होने के कारण उनके नाम की घोषणा नहीं की गई। गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है।

हालांकि एक और केंद्रीय मंत्री अर्जुनराम मेघवाल का नाम भी प्रदेशाध्यक्ष के लिए चर्चा में बना हुआ है। लेकिन इस पर केंद्रीय और राज्य के नेतृत्व के बीच सहमति नहीं बन पा रही थी। देर रात संघ भी सक्रिय हो गया। इस बीच यह भी संकेत हैं कि राज्य के मंत्रिमंडल में बदलाव होगा।

राष्ट्रीय कार्यसमिति में सदस्य बनने के बाद परनामी मोतीडूंगरी गणेश मंदिर पहुंचे। फोटो - अनिल शर्मा

हार के कारण नहीं दिया इस्तीफा : परनामी

परनामी ने कहा- उपचुनाव में पार्टी को मिली हार की वजह से मेरा इस्तीफा नहीं है। भाजपा में हार और जीत सभी की सामूहिक मानी जाती है। उन्होंने व्यक्तिगत व्यस्तता के चलते पद छोड़ा है।

मप्र में राकेश सिंह नए प्रदेशाध्यक्ष

भोपाल |
मप्र में नंद कुमार ने प्रदेश अध्यक्ष पद छोड़ दिया। उनकी जगह जबलपुर सांसद राकेश सिंह अध्यक्ष होंगे। केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर चुनाव अभियान समिति के संयोजक होंगे।

मंत्रिमंडल में फेरबदल की चर्चा

राज्य मंत्रिमंडल में एक बार फिर फेरबदल की चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। नए अध्यक्ष के आने के बाद कुछ मंत्रियों को संगठन में भेजा जा सकता है। नए चेहरों को शामिल किए जाने की संभावना है। परनामी को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है। हैल्थ और यूडीएच मंत्री बदले जा सकते हैं।

इनसाइड स्टोरी : एक अप्रैल को ही तय हो गया था पद से हटाए जाएंगे परनामी

राज्य में प्रदेशाध्यक्ष अशोक परनामी को हटाने को लेकर एक अप्रैल को दिल्ली में अमित शाह और मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे के बीच हुई बैठक में सहमति बन गई थी। वसुंधरा का तर्क था कि पार्टी के प्रदेश संगठन में अगर बदलाव होता है तो उन राज्यों में भी बदलाव होना चाहिए, जहां उपचुनाव में पार्टी हारी है। मध्यप्रदेश में बुधवार को ही नंद कुमार सिंह चौहान को प्रदेशाध्यक्ष पद से हटाकर उनकी जगह जबलपुर के सांसद राकेश सिंह को नया अध्यक्ष बनाना भी इसी के तहत हुआ है। बैठक में राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष के लिए अर्जुन मेघवाल का नाम भी तय हुआ था, लेकिन प्रदेश नेतृत्व की स्पष्ट सहमति नहीं थी। मेघवाल की भी इस पद पर आने की चाहत नहीं थी। इसी असहमति के बाद गजेंद्र सिंह का नाम सामने आया। संघ को भी इस नाम पर आपत्ति नहीं है।

खबरें और भी हैं...