नारनौल | कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने सहित अन्य मांगों को लेकर नगर परिषद कर्मचारियों द्वारा शुरू की गई हड़ताल शनिवार को 11वें दिन भी जारी रही। इस दौरान कर्मचारियों ने परिषद कार्यालय में धरना दिया तथा निर्णय लिया कि 21 मई को नारनौल विधायक के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा।
नपा कर्मचारी संघ हरियाणा के कोषाध्यक्ष महेंद्र सिंह संगेलिया ने कहा कि नगर पालिका व परिषद कर्मचारियों को आंदोलन करते हुए 13 दिन बीत गए, लेकिन सरकार कोई पहल करने की बजाए ओछे हथकंडों पर उतर आई है। सरकार पुलिस व अधिकारियों के मार्फत नप कर्मचारियों के आंदोलन को कुचलना चाहती है। सरकार ने सोनीपत में सफाई कर्मचारियों पर लाठी चार्ज करवाया, जोकि निंदनीय है। जिला प्रधान दीपचंद जैदिया ने कहा कि सरकार नगर पालिका कर्मचारियों को की मांगों का तत्काल प्रभाव से समाधान करे अन्यथा आंदोलन को तेज किया जाएगा। 21 मई को नारनौल के विधायक ओमप्रकाश एडीओ के आवास पर प्रदर्शन किया जाएगा और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इस अवसर पर अनुसूचित जाति जनजाति संघर्ष समिति की ओर से अमरनाथ सिरोहा, सर्व अनुसूचित जाति संघर्ष समिति राजेश चावरिया, सचिव पतराम खीची, उपप्रधान काशीराम सेका, रामनिवास, पूरन चंद, जोगिंद्र जैदिया, उपप्रधान अनुसूचित जनजाति संघर्ष समिति ओमप्रकाश दायमा, करतार सिंह जैदिया आदि ने समर्थन देते हुए उनकी मांगों को तत्काल पूरा करने की बात कही।
भाजपा कार्यकर्ता उठाएंगे झाडू, करेंगे शहरों में सफाई | सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के कारण पिछले 11 दिनों से कचरे के ढेर में तब्दील हो चुके शहरों की सफाई के लिए भाजपा कार्यकर्ता झाडू उठाएंगे। इस काम में नागरिकों ओर संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। यह जानकारी देते हुए भाजपा जिला अध्यक्ष शिवकुमार महत्ता ने कहा कि कार्यकर्ता शहरों का कचरा उठाने का प्रबंध करेंगे।
भाजपा सरकार की नीतियों से सभी वर्ग परेशान : नांगल चौधरी | धरने पर बैठे पालिका सफाई कर्मचारियों को समर्थन देने इनेलो के जिला उप प्रधान हजारीलाल लंबोरा पंचायत समिति पहुंचे। उन्होंने भाजपा कहा कि चुनावों के दौरान भाजपा ने सभी झूठे वादे किए हैं।
नारनौल. हड़ताल के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नगरपरिषद कर्मचारी।