शिवालिक कॉलोनी फेज-2 के आगे फेंके तरल पदार्थ से लोगों को परेशानी
शिवालिक कॉलोनी के फेज 2 के आगे से गुजरने वाले ऊना-नंगल हाईवे मार्ग से रामपुर साहनी मार्ग के पास बने सूखे बरसाती नाले में फेंके फैक्टरी के घातक तरल पदार्थ के कारण कॉलोनी समेत वहां से गुजरने वाले लोगों को मुश्किल हो रही है।
इसकी दुर्गंध शिवालिक कॉलोनी समेत नया नंगल के अन्य हिस्सों में भी आ रही है। यही नहीं इस कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार यह तरल पदार्थ कस्बा मैहतपुर में बनी शराब फैक्टरी का है। सूत्र बताते हैं कि हिमाचल में उक्त घातक तरल पदार्थ को खुले में फेंकने के खिलाफ लोगों के रोष प्रदर्शन को देखते व हिमाचल प्रदूषण विभाग की सख्ती के चलते शराब कंपनी के संचालक इसे देर-सवेर मौका देख कर पंजाब में खाली जगह या नदी-नालों में फेंक रहे हैं।
एसडीएम राकेश गर्ग ने कहा कि इस मामले में वह प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड से करवाई करने को कहेंगे। नंगल की एक समाजसेवी संस्था सीनियर सिटीजन सोसायटी के सदस्य परमिंदर कुमार सीकरी व अध्य्क्ष देव राम धामी ने बताया कि इस मामले को लेकर डीसी गुरनीत कौर को एक शिकायत भेजी गई है। इस तरल पदार्थ के कारण यहां सांस लेने में दिक्कत हो रही है, वहीं इसे पीकर पशुओं के मरने का भी डर है। लोगों ने कहा कि इस तरल को फेंके हुए एक सप्ताह से ऊपर हो गया है पर कौंसिल ने इसे हटाने के लिए अभी तक कोई काम नहीं किया।
शिवालिक कालाेनी से सटे नाले में फेंका गया तरल पदार्थ। -भास्कर
कोई रात के समय फेंक गया था सीरा : मनजिंदर
नगर कौंसिल के ईओ मनजिंदर सिंह ने कहा कि सीरा (गुड़ में पानी डालकर तैयार किया जाता है) की दुर्गंध कम करने के लिए हमनें इसमें टैंकरों से पानी भी डलवाया था पर फिर भी उसका प्रभाव कम नहीं हो रहा है। यह किसी ने रात के समय में फेंका है।