ट्रक चालक ने पर्स लौटा दिखाई ईमानदारी
नंगल सिटी| नंगल में एक ट्रक चालक ने रास्ते में मिले जरूरी कागजों व नकदी वाले पर्स को उसके मालिक तक पहुंचा कर ‘ईमानदारी की मिसाल पेश की। ट्रक चालक गुरदीप सिंह पुत्र संगत सिंह वासी गांव तोलेवाल जिला संगरूर ने बताया कि मंगलवार देर शाम को वह नाभा से गैस सिलेंडरों का ट्रक लेकर नंगल के स्थानीय चिराग गैस एजेंसी में सप्लाई देने गया था। वापिस आते वक्त उसे नहर की पटरी के पास एक पर्स दिखाई दिया। जब उसने उसे उठाकर देखा तो उसमें जरूरी कागजात के साथ कुछ नकदी भी थी। जिस के उपरांत उन्होंने उक्त पर्स को गैस एजेंसी के प्रबंधकों को सौंप दिया। चिराग गैस एजेंसी के प्रबंधकों ने पर्स के असली मालिक शादी लाल पुत्र प्रकाश चंद वासी गांव नंगली के सुपुर्द कर दिया। शादी लाल ने खुशी स्वरूप ट्रक चालक व चिराग गैस एजेंसी के प्रबंधकों का धन्यवाद किया।