- Hindi News
- National
- आरोप : डेलीवेज कर्मचारियों की अनदेखी कर सगे संबंधियों को दिया जा रहा काम
आरोप : डेलीवेज कर्मचारियों की अनदेखी कर सगे-संबंधियों को दिया जा रहा काम
भास्कर संवाददाता | नंगल सिटी
डेलीवेज कर्मचारी यूनियन बीबीएमबी की बैठक अध्यक्ष राम हरख की अगुवाई में हुई। बैठक में प्रबंधन से मांग की गई कि चोर दरवाजे से भर्ती करने से पहले डेलीवेज पर कार्य कर रहे कर्मियों को पक्का किया जाए।
बैठक में महिला तालमेल संघर्ष कमेटी की अध्यक्ष आशा जोशी, पूनम शर्मा, बीबीएमबी वर्कर यूनियन के अध्यक्ष राम कुमार सहित कई यूनियनों के नेताओं ने हिस्सा लिया। यूनियन अध्यक्ष राम हरख ने बताया कि बीबीएमबी में चोर दरवाजे से भर्तियां की जा रही हैं जो गलत है। उन्होंने कहा कि इन भर्तियों पर सबसे पहला हक डेलीवेज कर्मियों का है, जो लंबे समय से बीबीएमबी में कार्य कर रहे हैं। बीबीएमबी वर्कर यूनियन के अध्यक्ष राम कुमार और महासचिव दया नंद जोशी ने कहा कि डैम के अधिकारियों की ओर से 2-3 सालों से डेलीवेज कर्मियों का शोषण किया जा रहा है, जिसके चलते उच्चाधिकारी सगे-संबंधियों और रिश्तेदारों को काम पर पहल देते है। प्रधान राम कुमार ने बताया कि मैंडज (दिन) काम की मांग को लेकर जब यूनियन बोर्ड कार्यालय चंडीगढ़ में गई, तो वहां से 13 अप्रैल 2018 को 4639 मैंडज (दिन) भेज दिए गए, जो चीफ कार्यालय से होकर डिवीजन में 17 अप्रैल को आ गए थे। बावजूद यूनियन नेता जब स्थानीय अधिकारियों से मिले, तो टालमटोल की जाने लगी।
यूनियन नेताओं ने केंद्र व पंजाब सरकार से मांग की है कि पिछले 2-3 सालों में हुए कार्य की जांच करवाई जाए। यूनियन द्वारा बुधवार सुबह 9 से 5 बजे तक चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर धरना दिया और विस स्पीकर को ज्ञापन सौंपा।
चीफ इंजीनियर कार्यालय के बाहर धरना देते डेलीवेज यूनियन के सदस्य।