आग लगने की सूचना के बाद जायजा लेने पहुंचे तहसीलदार व जला मकान।
भास्कर संवाददाता | नंगल सिटी
गांव मेघपुर में राम किशन का मकान वीरवार सुबह आग लगने से पूरी तरह जल गया। आग से घर में रखा गैस सिलेंडर धमाके के साथ फट गया, जिससे आग फैल गई। आग से घर में रखा सामान और घर निर्माण के लिए सरकार की तरफ से मिले लगभग 50 हजार रुपए भी जल गए।
गांव मेघपुर की दलित बस्ती में एक कच्चे मकान में उस समय आग लग गई जब घर के सभी सदस्य घर के कार्य से बाहर गए हुए थे। गैस सिलेंडर फटने से हुए धमाके की आवाज सुनकर गांववासी घर की तरफ भागे और दूसरे घरों की तरफ फैल रही आग को बुझाने की कोशिश की। मौके पर पहुंची बीबीएमबी की फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने आग पर काबू पाया। लेकिन, तब तक घर में रखा सामान फ्रिज, पंखा, कपड़े, जेवर व नकदी जल गई। गांव के सरपंच श्याम लाल ने सरकार से मांग की है कि रामकिशन दिहाड़ी कर परिवार का पालन पोषण करता है। उसे उचित मुआवजा दिया जाए। तहसीलदार डीपी पांडे ने मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया और परिवार को हरसंभव मदद देने का आश्वासन दिया। उन्होंने बताया कि गांव के सरपंच की मदद से बेघर हुए गरीब परिवार के रहने का इंतजाम कर दिया गया है।