नैनवां| शहर के सरकारी अस्पताल में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 10 लाख की लागत से आंचल अमृत कक्ष बनाया जाएगा। इसमें स्तनपान क्लिनिक, मदर मिल्क स्टोरेज व वितरण की व्यवस्था होगी।
स्वास्थ्य विभाग के राज्यस्तरीय सलाहकार योगगुरु देवेंद्र अग्रवाल शनिवार को नैनवां आए और अस्पताल प्रभारी डाॅ. एसएल मीणा के साथ अस्पताल में आंचल अमृत कक्ष के लिए स्थान लेबर रूम के पास कक्ष का चयन किया। योगगुरु अग्रवाल ने बताया कि आंचल अमृत कक्ष स्थापना का मुख्य उद्देश्य शिशु मृत्यु दर को कम करने के साथ ही कुपोषण को जड़ से समाप्त करना एवं जच्चा-बच्चा का भविष्य सुरक्षित करना है। आंचल अमृत कक्ष में स्तनपान सहायता परामर्श प्रशिक्षण दिया जाएगा। मदर मिल्क स्टोरेज की क्षमता एक हजार यूनिट की होगी। नैनवां में अंतरराष्ट्रीय स्तर के आंचल अमृत कक्ष बनाया जाएगा, जिसमें चार बेड-दो सीटिंग बेड की व्यवस्था होगी।
देई| राज्य सरकार द्वारा रीको के आर्थिक सहयोग से स्तनपान के लिए जागरूकता, सुविधा परामर्श प्रशिक्षण, सहायता एवं उपचार और आंचल अमृत कक्ष की स्वास्थ्य केंद्र पर स्थापना की जाएगी। राज्यस्तरीय सलाहकार योगगुरु देवेंद्र अग्रवाल ने शनिवार को देई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का दौरा किया। बताया कि स्वास्थ केंद्र देई पर 10 लाख रुपए की लागत का 4 बेड व 2 सीटिंग का केंद्र 6 माह में शुरू कर दिया जाएगा।
नैनवां. राज्य स्तरीय सलाहकार आंचल कक्ष के स्थान का चयन करते।