पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • न्याय आपके द्वार शिविर में मां बेटी को मिला पैतृक भूमि में खातेदारी हक

न्याय आपके द्वार शिविर में मां-बेटी को मिला पैतृक भूमि में खातेदारी हक

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
माणी पंचायत मुख्यालय पर गुरुवार को राजस्व लोक अदालत के तहत न्याय आपके द्वार शिविर नैनवां एसडीएम मीनू वर्मा की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। अटल सेवा केंद्र परिसर में आयोजित शिविर में बीते एक साल से न्याय की बाट जोह रही मां व बेटी को आखिरकार पैतृक भूमि में खातेदारी अधिकार मिल गया।

राजस्व अधिकारियों ने बताया कि माणी निवासी मोती कुम्हार ने अपनी प|ी मनभर देवी व पुत्री विनोद को बेदखल कर घर से निकाल रखा था। उसने अपनी 19 बीघा 5 बिस्वा पुश्तैनी जमीन का दूसरे को बेचान कर रजिस्ट्री कर दी। गुरुवार को शिविर में मां-बेटी ने परिवेदना पेश की। एसडीएम ने प्रतिवादी को बुलाया। वाद पत्र व पैतृक संपत्ति होने के चलते हाथोंहाथ पिता मोती द्वारा बेची गई भूमि में से 1 /6 हिस्सा पीड़ित मां मनभर व पुत्री विनोद के नाम दर्ज कर डिग्री जारी की। नामांतरण खोलकर 3 बीघा 4 बिस्वा भूमि मां मनभर व पुत्री विनोद के नाम दर्ज कर प्रतिलिपि जमाबंदी नकल दिलवाई। नकल पाते ही उन्हें राहत मिली। पीड़ित मां अन्यत्र मोहनपुरा रहकर मेहनत मजदूरी कर अपना घर चला रही है। वहीं बेटी पढ़ाई कर रही है। एडवोकेट रजनीश शर्मा ने सहयोग किया। शिविर में नैनवां एसडीएम मीनू वर्मा, तहसीलदार गजराजसिंह सोलंकी, नायब तहसीलदार हरिनारायण गुर्जर, सरपंच यशपाल मीणा, पीएचईडी जेईन दिनेश गोचर, डिस्कॉम जेईन सौरभ सिंह, सचिव भंवरलाल महावर, मोहकमसिंह, सहायक कृषि अधिकारी रामकिशन माली, कानूनगो पुरषोत्तम शर्मा, डॉ. पीयूष गोयल मौजूद थे।

सांवतगढ़ शिविर में दो गर्भवतियों की गोद भराई की रस्म

दबलाना। गोद भराई की रस्म के दौरान चुनरी ओढ़ाती सरपंच।

दबलाना| क्षेत्र की ग्राम पंचायत सांवतगढ़ में राजस्व शिविर लगाया गया। शिविर में एसडीएम पूजा सक्सेना ने उज्ज्वला योजना की लाभार्थी महिलाओं को गैस कनेक्शन वितरित किए। लोगों ने पेयजल की समस्या बताई। इस पर एसडीएम ने टैंकरों की संख्या बढ़ाकर समस्या के निस्तारण का आश्वासन दिया। नामांतकरण के 80, इंद्राज दुरुस्ती के 47, सहमति बंटवारा 18, सीमाज्ञान 2, नकलें 181, रास्ता बहाली 2 व अन्य 187 कार्य हुए। वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से गर्भवती अंतिमा बाई व मौसमी बाई की गोद भराई की रस्म अदा की गई। सरपंच मनीषा नागर ने दोनों महिलाओं को चुनरी ओढ़ाई। शिविर में तहसीलदार भावना सिंह, नायब तहसीलदार सुरेंद्रसिंह चौधरी समेत सभी विभागों के कार्मिक उपस्थित थे।

मृत बताकर एक साल से बंद थी पेंशन, शिविर में सुधार

नमाना। बंद पडी पेंशन शिविर में शुरू की।

नमाना| क्षेत्र के गरड़दा अटल सेवा केंद्र पर गुरुवार को राजस्व शिविर लगाया गया, जिसमें एसडीएम दिव्याशु शर्मा, तहसीलदार विकास पंचौली, बीडीओ घनश्याम शर्मा, नायब तहसीलदार केसरीसिंह ने जनसमस्याएं सुनकर मौके पर ही निस्तारण करवाया। शिविर में 76 वर्षीय भूरालाल गुर्जर ने एक साल से बंद पड़ी पेंशन को शुरू करवाने के लिए ज्ञापन दिया। इस पर तहसीलदार पंचौली ने संबंधित विभाग को जांच के लिए कहा तो पता चला कि उसकी पेंशन मृत बताकर बंद की हुई थी, जिसे वापस शुरू किया गया। शिविर में पहुंची महिलाओं ने गरड़दा पंचायत के गांवों में पेयजल संकट बताते हुए टैंकर लगाने की मांग की। वहीं शिविर में 92 नामांकन, 15 खाता दुरुस्त, 57 खातों का निस्तारण, 40 सीमाज्ञान के कार्य किए गए। शिविर में विधायक अशोक डोगरा मौजूद थे।

खबरें और भी हैं...