पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • राज्यमंत्री द्वारा की सफाई का संस्था और कर्मचारियों ने किया विरोध

राज्यमंत्री द्वारा की सफाई का संस्था और कर्मचारियों ने किया विरोध

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
राज्यमंत्री नायब सैनी द्वारा शुक्रवार को शहर में की गई सफाई का एक संस्था व हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों ने विरोध किया है। संस्था के सदस्यों का कहना है कि राज्यमंत्री नायब सैनी और उनके कार्यकर्ताओं ने मात्र वाहवाही लूटने के लिए सफाई अभियान चलाया जबकि शहर की धार्मिक और सामाजिक संस्थाएं बुधवार की रात को ही शहर से गंदगी उठा चुकी थी। पिछले 10 दिनों से शहर में फैली गंदगी को उठाने के लिए पहल करने वाली एक जज्बा संस्था में नायब सैनी के सफाई अभियान के प्रति आक्रोश देखने को मिला।

नगर खेड़ा प्रांगण में शुक्रवार को इकट्ठा हुए इशान गुप्ता, कर्ण, अमन, राघव, कुलदीप, इशान बिंदल, आशु, हेमंत, केशव और दिशांत ने कहा कि छह मई से नगरपालिका कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर हैं। शासन व प्रशासन इस बात से भलीभांति वाकिफ था, लेकिन किसी ने शहरवासियों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया। जिसके चलते शहर की धार्मिक और सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने शहर की सफाई करने का बीड़ा उठाया। बुधवार रात को शहर की गंदगी को साफ किया गया। उन्होंने बताया कि सेनेटरी इंस्पेक्टर के अलावा किसी भी अधिकारी ने उन्हें सहयोग नहीं किया। जब शहर से गंदगी को साफ कर दिया गया, तब मंत्री और उनके कार्यकर्ताओं को शहर का ख्याल आया है। वाहवाही लुटने के लिए हाथों में झाडू उठाए गए हैं।

सुबह ग्रामीण क्षेत्र से सफाई कर्मचारियों को बुलाया गया। इन्हीं सफाई कर्मचारियों को साथ लेकर राज्यमंत्री का सफाई अभियान चला। हड़ताल पर बैठे कर्मचारियों का आरोप है कि प्रशासन ने दबाव देकर ग्रामीण क्षेत्र के कर्मचारियों को बुलाया था। जिसके चलते उन्होंने बीडीपीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया। उन्होंने शहर की जनता से क्षमा मांगते हुए कहा कि हड़ताल खत्म होते ही कर्मचारी दिन रात एक कर शहर की सेवा करेंगे।

राज्य मंत्री नायब सैनी नारायणगढ़ में रेहड़ी में कूड़ा-कर्कट उठाते हुए।

खबरें और भी हैं...