नारायणगढ़ में सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नपा कर्मचारी।
नारायणगढ़| मांगों को लेकर हड़ताल पर चल रहे नगरपालिका कर्मचारियों की प्रदेशव्यापी हड़ताल सोमवार को 13वें दिन में प्रवेश कर गई। सोमवार को कुछ कर्मचारियों ने भूख हड़ताल पर रहकर भी रोष जताया वहीं कर्मचारियों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। इसके बाद कर्मचारियों ने अपने परिवारों सहित एकत्रित हो स्थानीय रेस्ट हाउस तक थाली बजाकर प्रदर्शन भी किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ के नेता मांगे साहिब, राम कुमार, श्याम लाल व सर्व कर्मचारी संघ के सतीश सेठी व सुभाष धीमान ने हुए कहा कि मंत्री सरासर झूठ बोल रहे कि कर्मचारियों की सभी मांगे मान ली गई हैं। कर्मचारियों ने कहा कि मंत्री भ्रष्टाचार मुक्त प्रशासन के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं, जबकि उनके ही नाक के नीचे नगरपालिका में ही घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए पालिका द्वारा ठेकेदार को हर साल 80 लाख रुपए से ज्यादा का भुगतान किया जा रहा है।