कांग्रेस को हाईटेक करने में जुटे राहुल, दिल्ली में बन रहा डाटाबैंक
पॉलिटिकल रिपोर्टर. जयपुर | कांग्रेस की कमान संभालने के बाद राहुल गांधी पार्टी को पूरी तरह हाईटेक करने में जुटे हैं। देश भर के कार्यकर्ताओं को जोड़ने के लिए प्रोजेक्ट शक्ति लांच किया गया था। अब अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ओर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्यों की आयु, जाति, धर्म, शैक्षणिक योग्यता सहित अन्य व्यक्तिगत जानकारी सभी राज्यों से मंगाई गई है। दिल्ली में इसका डाटा बैंक तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि उपयोगिता के अनुसार डाटा बैंक से केंद्रीय नेतृत्व के स्तर चुनावी रणनीति तैयार होगी। साथ ही यह भी तय किया जा सकेगा कि किस नेता को क्या जिम्मेदारी दी जा सकती है या किस व्यक्ति को किस काम में लिया जा सकता है। पहली बार पार्टी के स्तर पर यह प्रयोग किया जा रहा है। केंद्रीय नेतृत्व की ओर से मांगी गई सूचना राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ जैसे राज्यों के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। क्योंकि अगले सात महीने बाद इन राज्यों में चुनाव है। एआईसीसी, पीसीसी के सदस्यों के बारे में एक-एक सूचना डाटा बैंक में अपलोड की जाएगी, जिससे किसी सदस्य के बारे में जानकारी लेने के लिए किसी से संपर्क करने की जरूरत न पड़े। डाटा बैंक के जरिए सारी सूचना उपलब्ध हो जाए। सूचना में खास तौर से जुटाया जा रहा है कि कौन सदस्य कितनी बार पार्टी के किस पद पर रहा, कौन मंत्री, विधायक या सांसद रहा। कौन सदस्य किस जाति, धर्म से आता है। उसकी आयु कितनी है। कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि आगे कई नए प्रयोग देखने को मिल सकते हैं।