पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • सभा में नागौर जा रहे गुजरात के नेता जिग्नेश को पुलिस ने जयपुर में रोका

सभा में नागौर जा रहे गुजरात के नेता जिग्नेश को पुलिस ने जयपुर में रोका

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
जयपुर | नागौर के मेड़ता रोड कस्बे में डाॅ. भीमराव अंबेडकर जयंती समारोह में हिस्सा लेने आ रहे गुजरात के निर्दलीय विधायक और आदिवासी नेता जिग्नेश मेवाणी को पुलिस ने सुबह 10 बजे जयपुर एयरपोर्ट पर रोक लिया। नागौर में धारा 144 का हवाला देते हुए पुलिस ने मेवाणी को नोटिस थमाया। लिखित ऑर्डर को लेकर मेवाणी की पुलिस के साथ बहस हुई। करीब एक घंटे बाद पुलिस लिखित ऑर्डर लेकर पहुंची। करीब चार घंटे तक चले नाटकीय घटनाक्रम के बाद मेवाणी प्रताप नगर में एक परिचित के यहां चले गए। पुलिस भी घर को घेरकर बैठी रही। शेष | पेज 2

जिग्नेश से मिलने पूर्व राज्यमंत्री गोपाल केशावत को एयरपोर्ट से बजाज नगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार 2009 में हुई दुर्घटना के मामले में केशावत का स्टैंडिंग वारंट जारी था। समारोह में शामिल होने के लिए जिग्नेश सुबह 10 बजे सांगानेर एयरपोर्ट पहुंचे। कुचामन सिटी के डिप्टी विद्याप्रकाश मुंड ने नागौर कलेक्टर और एसपी का नोटिस दिखाते हुए उन्हें एयरपोर्ट के मुख्य गेट पर ही रोक लिया। इसी दौरान जवाहर सर्किल एसएचओ राजेश सोनी व डीसीपी कुंवर राष्ट्र दीप भी वहां पहुंच गए और जयपुर में धारा 144 लगी होने का हवाला देते हुए उनकी गाड़ी को रोक लिया। जिग्नेश के समर्थक भी एयरपोर्ट पहुंच गए तो पुलिस को अंदेशा हुआ कि वे जयपुर में भी रैली कर सकते हैं। जिग्नेश और पुलिस के बीच बहस होती रही। जिग्नेश ने लिखित ऑर्डर मांगा तो करीब एक घंटे बाद पुलिस ने उनके नाम से ऑर्डर दिखाते हुए कहा कि 15 से 30 अप्रैल तक आप जयपुर में किसी प्रकार की रैली और सभा नहीं कर सकते। नोटिस तामील होने के बाद जिग्नेश प्रताप नगर चले गए। उनके पीछे पुलिस टीम भी उनके घर तक पहुंच गई।



एयरपोर्ट के बाहर रोके गए जिग्नेश।

नोटिस देकर सुरक्षा दी है : पुलिस

डीसीपी ईस्ट कुंवर राष्ट्र दीप का कहना है कि विधायक जिग्नेश की सुरक्षा में कोताही न हो इसलिए पुलिस की गाड़ी साथ लगाई है।

लोकतंत्र पर हमला : जिग्नेश

जिग्नेश बोले-यह लोकतंत्र पर हमला है। जयपुर में आज क्या स्थिति हो गई कि चुने हुए प्रतिनिधि को नजरबंद कर रखा जा रहा है।

खबरें और भी हैं...