जुर्माना नहीं भरने पर ट्रांसपोर्ट कंपनी के खिलाफ जमानती वारंट जारी
उदयपुर | उपभोक्ता राज्य आयोग के श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी के खिलाफ दिए जुर्माना आदेश की पालना नहीं करने पर जिला उपभोक्ता मंच ने ट्रांसपोर्ट प्रबंधक को 5 जून काे जमानती वारंट से तलब किया। प्रतापनगर निवासी श्रीचंद पहलवानी ने छह वर्ष पहले उपभोक्ता मंच में श्रीराम ट्रांसपोर्ट कंपनी के खिलाफ परिवाद दर्ज कराया था। मंच ने श्रीराम ट्रांसपोर्ट के खिलाफ डिक्री आदेश जारी कर 2 लाख 17 हजार रुपए व इस राशि पर 9 फीसदी ब्याज, मानसिक कष्ट का हर्जाना 1 लाख रुपए के साथ परिवाद व्यय 50 हजार रुपए सहित कुल 3 लाख 67 हजार रुपए देने का आदेश दिया था। मंच के आदेश को ट्रांसपोर्ट कंपनी प्रबंधन ने राज्य आयोग में चुनौती दी थी। आयोग ने ट्रांसपोर्ट कंपनी पर लगाया गया 1 लाख रुपए जुर्माना घटा कर 50 हजार कर दिया था। राज्य आयोग ने 3 लाख 17 हजार रुपए जमा कराने का आदेश दिया था। ट्रांसपोर्ट कंपनी ने आयोग के निर्णय की पालना नहीं की।