बाइक काे ट्रेलर ने मारी टक्कर, बाइक फंसने से मासूम की मौत
भास्कर न्यूज | इंद्रगढ़ (बूंदी)
इंद्रगढ़ के माताजी रोड पर बड़ तिराहे के पास शुक्रवार सुबह 10 बजे सड़क हादसे ने मासूम की जान ले ली। लाखेरी की ओर से सवाई माधोपुर की तरफ सीमेंट भरकर जा रहे एक ट्रेलर ने करवर की ओर से आ रहे बाइक को टक्कर मार दी। यह दुर्घटना इतनी तेजी से हुई कि मोटरसाइकिल ट्रेलर में फंस गई। इससे बाइक पर सवार 6 वर्षीय बालिका की मौके पर ही मौत हो गई, वहीं मां और बेटा गंभीर घायल हो गए। बाइक चालक अपनी मां और मासूम बेटी को कोटा जाने के लिए ट्रेन में बैठाने आ रहा था। इसी दरमियान यह हादसा हुआ। वारदात के बाद ट्रेलर चालक भाग गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि करवर की ओर से बाइक पर करवर निवासी त्रिलोकचंद कुशवाह (25) अपनी मां मनभरबाई (55) और बेटी कुमारी लक्ष्मी (6) को बैठाकर ला रहा था। इसी दौरान इंद्रगढ़ की ओर से सवाई माधोपुर की ओर जा रहे ट्रेलर चालक ने गफलत में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक ट्रेलर में फंस गई थी। मौके पर ही बालिका लक्ष्मी की मौत हो गई, जबकि मनभरबाई और त्रिलोकचंद गंभीर घायल हो गए। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर लाया गया। जहां घायलों का उपचार किया गया। डॉॅक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया गया।