पुलिस ने हाईकोर्ट में दी अर्जी- जेल में ही सुनाया जाए फैसला
जोधपुर | गुरुकुल की नाबालिग छात्रा से दुष्कर्म के आरोप में फंसे आसाराम को बेगुनाह बताने वाले हजारों मैसेज सोशल मीडिया पर अभियान के रूप में चल रहे हैं। 25 अप्रैल को केस का फैसला आने वाला है इसलिए पुलिस ने हाईकोर्ट में एक याचिका लगाकर फैसला जेल में सुनाने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि कहीं ऐसा न हो कि राम-रहीम को सजा सुनाते वक्त पंचकुला में जो हालात पैदा हुए थे, वैसी परिस्थितियों से जोधपुर शहर को बचाने के लिए आसाराम की ओर से देश भर के समर्थकों को टीवी-समाचार पत्रों के माध्यम से अपील जारी कराई जाए कि वे जोधपुर नहीं आएं। पुलिस की इस अर्जी पर आसाराम की ओर से चार दिन बाद मंगलवार को जवाब आएगा। उधर आसाराम का मुख्य साधक शिवा का कहना है कि उनके पास पैसा नहीं है कि देशभर में अपील जारी करवाएं। हालांकि पुलिस कोई खतरा नहीं उठाना चाहती।