रिपोर्ट के अध्ययन के लिए बनाई तीन मंत्रियों की कमेटी : सरकार
जोधपुर | हाईकोर्ट के न्यायाधीश संगीत लोढ़ा व वीरेंद्र कुमार माथुर की खंडपीठ में सोमवार को मेहरानगढ़ दुखांतिका की जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने के मामले को लेकर जनहित याचिका पर सुनवाई हुई। सरकार की ओर से जवाब दिया गया कि रिपोर्ट के अध्ययन के लिए तीन कैबिनेट मंत्रियों की समिति बनाई है। इसके बाद सार्वजनिक करने पर निर्णय किया जाएगा, वैसे भी कमिशन ऑफ इन्क्वायरी एक्ट 1952 की धारा 3 के तहत कोई भी रिपोर्ट सार्वजनिक करना अनिवार्य नहीं है। इस मामले में अगली सुनवाई 23 अप्रैल मुकर्रर की है। याचिकाकर्ता मानाराम की ओर से अधिवक्ता विजय मेहता ने जनहित याचिका दायर वर्ष 2008 में मेहरानगढ़ दुर्ग में हुए हादसे की जांच के लिए गठित जांच आयोग की रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं करने का मुद्दा उठाया था। इस हादसे में 216 युवाओं की मौत हो गई थी। इस हादसे की जांच के लिए जस्टिस जसराज चौपड़ा की अध्यक्षता में न्यायिक आयोग गठित किया था।