पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • कठुआ रेप भयावह, उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी : संयुक्त राष्ट्र प्रमुख

कठुआ रेप भयावह, उम्मीद है दोषियों को सजा मिलेगी : संयुक्त राष्ट्र प्रमुख

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
संयुक्त राष्ट्र/जम्मू | कठुआ कांड की गूंज संयुक्त राष्ट्र तक पहुंच गई है। संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने आठ साल की बच्ची के साथ बार-बार सामूहिक दुष्कर्म के बाद हत्या किए जाने को भयावह घटना बताया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासन इस जघन्य अपराध के दोषियों को उचित सजा देगा। इसी बीच, दुष्कर्म आरोपियों के पक्ष में हुई रैली में रासना गांव गए भाजपा के दोनों मंत्री जम्मू-कश्मीर सरकार से बाहर हो गए। भाजपा ने इनके इस्तीफों को हरी झंडी देते हुए मंजूरी के लिए सीएम महबूबा मुफ्ती को भेज दिया। शेष | पेज 4



हालांकि, साथ ही भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव राम माधव ने कहा कि मंत्री लाल सिंह और चंद्र प्रकाश गंगा प्रदर्शनकारियों को समझाने गए थे। यह गलत मतलब निकाला गया कि वह आरोपियों के समर्थन में गए थे।





उन्होंने कहा कि इस प्रकरण का भाजपा-पीडीपी गठबंधन पर कोई असर नहीं पड़ेगा।

मंत्री पद गंवाने वाले नेताओं ने फिर दोहराई सीबीआई जांच की मांग:

मंंत्री पद से इस्तीफा देने वाले भाजपा नेता चंद्र प्रकाश गंगा और लाल सिंह ने फिर सीबीआई जांच की मांग दोहराई है। गंगा ने कहा, “जम्मू के हितों की रक्षा के लिए मैं सरकार से लड़ने या प्रधानमंत्री से मिलने से भी नहीं हिचकूंगा। मैं कठुआ दुष्कर्म और हत्याकांड की सीबीआई जांच की मांग दोहराता हूं। यह लाखों लोगों की मांग है।’ वहीं, सीबीआई जांच की मांग से जुड़े सवाल पर लाल सिंह ने कहा, “इसमें गलत क्या है? सीबीआई कुछ गलत नहीं करेगी।’ हालांकि, भाजपा आधिकारिक तौर पर क्राइम ब्रांच की जांच को सही बताते हुए सीबीआई जांच की मांग को नकार चुकी है।

----------------------------------

पीड़िता के लिए लड़ रहे वकील पर हमला:

कठुआ की पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए दाे महीने से काम कर रहे एक स्थानीय वकील तालिब हुसैन पर शनिवार को उधमपुर कस्बे में हमला हुआ। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उल्लेखनीय है कि हुसैन ने सीबीआई जांच की मांग कर रहे जम्मू के वकीलों का भी जोरदार विरोध किया था।

जिस तरह जम्मू के लोगों ने कठुआ मामले में विरोध जताया और सांप्रदायिक ताकतों को खारिज किया है, वह तारीफ के काबिल है। इससे धार्मिक एकता तथा सच्चाई को प्रोत्साहन मिलता है।

महबूबा मुफ्ती, मुख्यमंत्री, जम्मू-कश्मीर

चार पुलिसकर्मी बर्खास्त; फास्ट ट्रैक ट्रायल के लिए महबूबा ने हाईकोर्ट को भेजी चिट्‌ठी

जम्मू-कश्मीर की सीएम महबूबा मुफ्ती ने कठुआ कांड के आरोपी 4 पुलिस कर्मियों को बर्खास्त कर दिया है। इनमें एक सब इंस्पेक्टर, एक हेड कांस्टेबल और दो स्पेशल पुलिस अॉफिसर हैं। उन्होंने हाईकोर्ट के सीजे को पत्र लिखकर केस के लिए फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित करने की मांग की।

दोषियों को फंदे पर देखना चाहती हूं : पीड़िता की मां

कठुआ में दुष्कर्म के बाद मारी गई बच्ची की मां कहती है, ‘मैं उसे डॉक्टर बनाना चाहती थी। लेकिन मेरी अब सिर्फ एक ही इच्छा है कि बच्ची के दोषी फांसी के फंदे पर लटकाए जाएं।’ बच्ची के पिता कहते हैं, “क्राइम ब्रांच की जांच से हम संतुष्ट हैं। हमें सीबीआई जांच की जरूरत नहीं है।’

इधर सूरत में11 साल की बच्ची से दरिंदगी

शरीर पर 80 घाव, 9 दिन से मृत बच्ची की पहचान का इंतजार

सूरत | गुजरात के सूरत में 11 साल की एक बच्ची हफ्तेभर तक दरिंदगी का शिकार होते रही। 80 घाव सहे और जान गंवा दी। अब 9 दिन से सिविल अस्पताल में उसका शव शिनाख्ती के लिए रखा गया है। 6 अप्रैल को भेस्तान के पास इस बच्ची का शव मिला था। तब से लेकर पुलिस शिनाख्त के प्रयासों में जुटी है। पुलिस की समस्या यह है कि जहां लाश मिली, वहां आसपास कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं है। किसी बच्ची की गुमशुदगी की रिपोर्ट भी नहीं आई है।

सीबीआई ने पीड़िता से कराया सामना

विधायक 7 दिन के रिमांड पर, बोले-भगवान पर भरोसा

लखनऊ | उन्नाव दुष्कर्म कांड और पीड़िता के पिता की हत्या के आरोपी भाजपा विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को सीबीआई कोर्ट ने सात दिन के रिमांड पर जांच एजेंसी को सौंप दिया है। पेशी पर जाते वक्त सेंगर ने मीडिया से कहा, ‘भगवान पर भरोसा है।’

सीबीआई टीम शनिवार सुबह पीड़िता, उनकी मां, बहन, भाई और चाचा को उन्नाव से लखनऊ लाई। सूत्रों का दावा है कि पेशी से पहले सेंगर का पीड़िता से आमना-सामना करवाया गया। अगली पेशी 21 अप्रैल को होगी। उधर, पीड़िता को विधायक सेंगर के पास ले जाने की आरोपी महिला शशि सिंह को भी सीबीआई ने शनिवार को गिरफ्तार कर लिया।

खबरें और भी हैं...