पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया | मुंबई

धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया | मुंबई

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
धर्मेन्द्र सिंह भदौरिया | मुंबई

विश्व की सबसे महंगी क्रिकेट लीग इंडियन प्रीमियर लीग टीवी का भी सबसे बड़ा शो बनती जा रही है। यह दूसरे चैनल्स के लिए चुनौती है। स्टार इंडिया के मुताबिक पिछले वर्ष 55 करोड़ लोगों ने आईपीएल मैच देखे थे, जबकि इस बार चैनल और ऑनलाइन प्रसारण से यह आंकड़ा 70 करोड़ पार कर जाएगा। आईपीएल के इस सीजन के पहले मैच में शहरी युवाओं की व्यूअरशिप 63.55 लाख इंप्रेशंस (एक मिनट या इससे अधिक देखने वाले दर्शक) रही, जो पिछले वर्ष से 37 फीसदी अधिक रही है। आईपीएल मैचों का टीवी पर आने वाले मनोरंजन, मूवी और स्पोर्ट्स चैनल पर सीधा असर पड़ता है।

टीवी दर्शकों का विश्लेषण करने वाली ब्रॉडकास्ट ऑडिएंस रिसर्च काउंसिल (बार्क) के आंकड़ों के मुताबिक वर्ष 2017 में आईपीएल सीजन 10 के दौरान हिंदी मनोरंजन चैनल्स की दर्शक संख्या में 14 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। यह ट्रेंड इस बार भी जारी रह सकता है। वहीं मूवी चैनल्स की दर्शक संख्या में 12 फीसदी की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई क्योंकि सोनी मैक्स पर आईपीएल मैच देखा गया। हालांकि सोनी मैक्स की व्यूअरशिप हटा दें तो मूवी चैनल्स की दर्शक संख्या में गिरावट दर्ज की गई।

हालांकि मूवी और मनोरंजन चैनल्स भी दर्शक संख्या बरकरार रखने के लिए इस दौरन प्रयास करते हैं। इस स्थिति के बारे में बात करते हुए ज़ी हिंदी मूवीज क्लस्टर बिजनेस हेड रुचिर तिवारी ने भास्कर से कहा कि आईपीएल हमारे लिए 10 वर्ष पुराना इवेंट है, इस बार हमने ज़ी सिनेमा के लिए सिनेमा प्रीमियर लीग लाॅन्च किया है। इसी प्रकार एंड पिक्चर्स पर हम सीक्रेट सुपर स्टार और पेड मैन जैसी नई फिल्में दिखाएंगे।

शेष | पेज 4 पर

बाजार विश्लेषकों का मानना है कि इस बार बीते वर्ष की तुलना में आईपीएल की व्यूअरशिप 40% से अधिक रह सकती है।

पिछले वर्ष सोनी मैक्स पर आईपीएल मैच के पहले के छह सप्ताह के दौरान व्यूअरशिप 42.32 करोड़ रही। वहीं आईपीएल सीजन के आठ सप्ताह के दौरान व्यूअरशिप 102 करोड़ रही। यानी 141.02 फीसदी अधिक रही। स्टार इंडिया के सूत्रों के मुताबिक आईपीएल सीजन के दौरान बीते वर्षों के मैचों की तुलना में इस बार ट्रेंड से भी अधिक व्यूअरशिप हासिल करेंगे।

इंडियन टेलीवीज़न डॉट काम के सीईओ और विश्लेषक अनिल बनवारी ने बताया कि आईपीएल के सीजन में टीवी चैनल्स पर विज्ञापन की दरें अवश्य बदलती हैं, खासतौर पर आईपीएल मैच दिखाने वाले चैनल पर। सूत्रों के मुताबिक आईपीएल के पिछले मैचों के प्रसारणकर्ता सोनी पिक्चर्स नेटवर्क के मुकाबले इस वर्ष स्टार इंडिया ने विज्ञापन दरें 50 फीसदी से अधिक बढ़ा दी हैं। वनवारी कहते हैं यह रकम दो हजार करोड़ रुपए से अधिक हो सकती है। आईपीएल-10 में सोनी पिक्चर्स नेटवर्क्स ने प्रसारण से 1200 करोड़ रुपए कमाए थे। आईपीएल-10 की तुलना में आईपीएल-11 में विज्ञापन दरें 50 फीसदी से अधिक हैं।

ऐसा इसलिए भी है क्योंकि स्टार विज्ञापनदाता को हिंदी, अंग्रेजी के साथ ही बंगाली, तमिल, तेलुगू और कन्नड़ भाषाओं में 10 चैनल की सुविधा भी दे रहा है। जबकि इससे पहले सोनी तीन चैनल पर ही मैच का प्रसारण करता था।

व्यूअरशिप के संबंध में वावरिया ने कहा कि आईपीएल का जो पिछला ट्रेंड रहा है मुझे लगता है कि उससे अधिक आईपीएल की व्यूअरशिप रहेगी। साथ ही चैनल्स के व्यूअरशिप ट्रेंड में भी आईपीएल की हिस्सेदारी बढ़ेगी। हालांकि मूवी चैनल्स पर लोकप्रिय फिल्में जैसे बाहूबली-2 आदि दिखाने से व्यअरशिप चैनल विशेष को मिलती है यह भी ट्रेंड हमने देखा है। स्टार इंडिया के सूत्रों के मुताबिक उन्हें उम्मीद है कि जैसे सोनी मैक्स और सोनी सिक्स को व्यूअरशिप में बढ़त मिलती रही है उन्हें उससे भी अधिक बढ़त हासिल होगी।

रुचिर तिवारी ने आईपीएल के दौरान दर्शकों की संख्या कम होने के संबंध में कहा कि हर मैच के अंतिम पांच-पांच ओवर में अवश्य दर्शक संख्या में थोड़ी गिरावट आ जाती है, बहुत अधिक असर नहीं होता है। वहीं विज्ञापन दरों के संबंध में उन्होंने कहा कि हमने अपनी किसी प्रकार की दरों में बदलाव नहीं किया है और पहले से ही विज्ञापन की बुकिंग हो चुकी है।

टीवी इंडस्ट्री से जुड़े एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक चैनल्स को भी आईपीएल मैचों के दौरान अपनी दर्शक संख्या कम होने का अंदाजा रहता है, इसीलिए वे विभिन्न स्तर की रणनीति अपनाते हैं। जैसे- मनोरंजन चैनल पर ही अपने अधिक लोकप्रिय सीरियल की ब्रांडिंग, एक ही ब्रांड के मूवी चैनल पर मनोरंजन चैनल की ब्रांडिंग, आउट डोर विज्ञापन, नये प्रोग्राम पेश करना। मूवी चैनल्स के द्वारा नई और बेहतर मूवी दिखाना इनमें शामिल है। स्टार भारत के सूत्र के मुताबिक पहले स्टार अपने दर्शकों को बनाए रखने के लिए बड़े-शो और ब्रांडिंग पर जाते थे, अभी चूंकि स्टार खुद ही आईपीएल मैचों को प्रसारित कर रहा है इसलिए अपने सीरियल्स की ब्रैंडिंग रुटीन दिनों जैसी ही कर रहा है। आईपीएल खत्म होने के बाद सभी शो के बड़े स्तर पर प्रोमो बनेंगे। स्टार के टॉप शो के एड आईपीएल मैचों में करने की विशेष रणनीति बनाई है जिससे कि आईपीएल मैच देखने वाले दर्शकों को मनोरंजन चैनल का शो और किरदार ध्यान रहे।

स्टार इंडिया से जुड़े अधिकारी ने बताया कि स्टार आईपील शुरू होने से पहले ही करीब 90 फीसदी से अधिक ऑन एयर इनवेंट्री बेच चुका था और 70 स्पॉन्सरशिप कर चुका है जिससे 100 से अधिक ब्रैंड के विज्ञापन आएंगे।

गौरतलब है कि स्टार इंडिया ने आईपीएल मैचों के पांच साल के टीवी और डिजिटल मीडिया के ग्लोबल मीडिया अधिकार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से 16,357.5 करोड़ रुपए में खरीदे हैं। जबकि चीनी मोबाइल निर्माता कंपनी वीवो इलेक्ट्रॉनिक्स कॉर्प ने 2,199 करोड़ रुपए में पांच वर्ष के लिए टाइटल स्पॉन्सर करने का अधिकार खरीदा है।

वहीं दूसरी ओर आईपीएल के नौवें संस्करण में प्रति मैच औसत दर्शक संख्या एक करोड़ 71 लाख जबकि सीजन 10 में औसत प्रति मैच दर्शक संख्या दो करोड़ 11 लाख 80 हजार थी। आईपीएल-10 के दौरान सर्वाधिक मैच मुंबई इंडियन्स के देखे गए।









खबरें और भी हैं...