सोना 100 रुपए और चांदी 325 रुपए मजबूत
वैश्विक स्तर पर मध्य पूर्व में नए संकट के असर और स्थानीय स्तर पर अक्षय तृतीया की मांग निकलने से शनिवार को सोने और चांदी में फिर तेजी आ गई। सोना 100 रुपए प्रति दस ग्राम और चांदी 325 रुपए प्रति किलो महंगी हो गई।
कारोबारियों के अनुसार घरेलू स्तर पर 18 अप्रैल को आने वाली आखा तीज की मांग का असर देखा गया। शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने और चांदी में तेजी देखी गई। शुक्रवार को सोना हाजिर बढ़त के साथ 1,346.00 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया वहीं जून का अमेरिकी सोना वायदा भी बढ़त के साथ 1,348.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।
सोने की तरह चांदी हाजिर भी ग्लोबल बाजार में तेजी के साथ 16.63 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं की तुलना में डॉलर के कमजोर पड़ने का भी असर सोने और चांदी पर दिखाई दिया। विशेषज्ञों के अनुसार सीरिया को लेकर अमेरिका और रूस आमने-सामने आ गए हैं। इससे वैश्विक स्तर पर गतिरोध बढ़ गया है।
जयपुर सर्राफा भाव: चांदी (999) 39,925, चांदी रिफाइनरी 39,425 रुपए प्रति किलो। चांदी कलदार 68,000 रुपए प्रति सैकड़ा। सोना स्टैंडर्ड 31,850 रुपए, सोना जेवराती 30,300 रुपए तथा वापसी 29,400 रुपए प्रति दस ग्राम।