पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • 88 साल में भारत का विदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, मेडल टेबल में तीसरा स्थान तय

88 साल में भारत का विदेश में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन, मेडल टेबल में तीसरा स्थान तय

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गोल्ड कोस्ट | भारत के लिए 21वें कॉमनवेल्थ गेम्स का 10वां दिन शानदार रहा। भारत ने इस दिन 8 गोल्ड सहित कुल 17 मेडल जीते। अब उसके 25 गोल्ड सहित 59 मेडल हो गए हैं और वह तीसरे स्थान पर है। आखिरी दिन 17 गोल्ड का फैसला होना है और भारत का ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बाद तीसरे नंबर पर बने रहना तय हो गया है। यह भारत का कॉमनवेल्थ गेम्स के 88 साल के इतिहास में विदेश में मेडल टेबल में स्थान के लिहाज से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। इससे पहले 2002 (मैनचेस्टर) और 2006 (मेलबर्न) में विदेश में हुए कॉमनवेल्थ गेम्स में वह चौथे स्थान पर रहा था। ओवरऑल इस इवेंट में भारत का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 2010 में रहा था। तब वह अपनी मेजबानी में भारत दूसरे स्थान पर रहा था।

कुश्ती| विनेश और सुमित ने गोल्ड जीता

भारत की विनेश फोगाट (50 किग्रा) और सुमित (125 किग्रा) ने गोल्ड मेडल जीते। ओलिंपिक मेडलिस्ट साक्षी मलिक (62 किग्रा) और सोमवीर (86) को कांस्य मिला। इसके साथ ही गोल्ड कोस्ट में भारत के कुश्ती के गोल्ड मेडल की संख्या पांच पहुंच गई। भारतीय पहलवानों ने ग्लास्गो गेम्स में भी इतने ही गोल्ड जीते थे।

मेरीकॉम ने फाइनल में नार्दर्न आयरलैंड की क्रिस्टीना ओहारा को हराया।

बॉक्सिंग : मेरीकॉम, गौरव सोलंकी और विकास को गोल्ड

एथलेटिक्स| नीरज ने जेवलिन थ्रो में पहली बार देश को गोल्ड दिलाया

नीरज चोपड़ा ने 86.47 मी. की दूरी तक भाला फेंका। इसके साथ ही वे इस इवेंट में कॉमनवेल्थ गोल्ड जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। यह कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में भारत का एथलेटिक्स में पांचवां गोल्ड है। उनसे पहले मिल्खा सिंह, कृष्णा पूनिया, विकास गौड़ा और महिला रिले टीम ने ही गोल्ड जीते थे।

वर्ल्ड, एशियन और ओलिंपिक मेडल जीत चुकीं एमसी मेरीकॉम (45-48 किग्रा) ने अपने करिअर में कॉमनवेल्थ गेम्स गोल्ड भी जोड़ लिया है। पहली बार कॉमनवेल्थ गेम्स में उतरीं मेरीकॉम ने क्रिस्टीना ओहारा को हराया। गौरव सोलंकी ने 52 किग्रा और विकास कृष्णन ने 75 किग्रा में गोल्ड जीते। अमित (46-49), मनीष कौशिक (60) और सतीश कुमार (91+) को सिल्वर मिला। भारत को बॉक्सिंग के तीन ब्रॉन्ज मेडल भी मिले।

शूटिंग| संजीव राजपूत ने भी जीता सोना

शूटर संजीव राजपूत ने पुरुषों की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन में देश को गोल्ड दिला दिया। उन्होंने कॉमनवेल्थ गेम्स का रिकॉर्ड बनाते हुए 454.5 का स्कोर किया। यह संजीव का कॉमनवेल्थ गेम्स में अब तक का तीसरा मेडल है। उन्होंने ग्लास्गो गेम्स-2014 में सिल्वर और मेलबर्न गेम्स-2006 में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

टेबल टेनिस| मणिका का गोल्डन डबल पूरा

मणिका बत्रा ने टेबल टेनिस में महिला सिंगल्स का गोल्ड जीतकर गोल्डन डबल पूरा किया। उन्होंने सिंगापुर की मेंगयू यू को हराया। अचंत शरत कमल और जी साथियान ने पुरुष डबल्स में सिल्वर और हरमीत देसाई और सनिल शेट्टी ने ब्रॉन्ज जीता। भारत ने टेबल टेनिस में महिला टीम और पुरुष टीम इवेंट के गोल्ड भी जीते हैं।

स्क्वॉश| दीपिका-घोषाल की जोड़ी ने सिल्वर मेडल जीता

दीपिका पल्लीकल और सौरव घोषाल को स्क्वॉश के मिक्स्ड डबल्स में सिल्वर से संतोष करना पड़ा। भारत का इन खेलों में स्क्वॉश में यह पहला मेडल है। दीपिका और घोषाल को फाइनल में ऑस्ट्रेलियाई जोड़ी डोना उर्कहार्ट और कैमरून पिल्ले ने 29 मिनट में 11-8, 11-10 से हराकर गोल्ड पदक जीत लिया। इस बीच जोशना चिनप्पा और दीपिका ने महिला डबल्स सेमीफाइनल में इंग्लैंड की लारा मसारो और सारा जेन पेरी को हराकर गोल्ड मेडल मुकाबले में प्रवेश कर लिया।

हॉकी| भारत की दोनों टीमें हारीं, बिना मेडल के लौटेंगी

कॉमनवेल्थ गेम्स में 20 साल में पहली बार भारत को हॉकी में कोई मेडल नहीं मिला है। ब्रॉन्ज मेडल के लिए हुए मुकाबलों में भारत की महिला टीम को इंग्लैंड के हाथों 0-6 से हार झेलनी पड़ी। पुरुष टीम को भी इंग्लैंड ने ही 2-1 से हराया। महिला टीम ने 2002 और 2006 में मेडल जीते थे। वहीं, पुरुष टीम ने 2010 और 2014 में मेडल जीते थे। पुरुष टीम ने अपने आखिरी ग्रुप मैच में इंग्लैंड को 4-3 से हराया था लेकिन ब्रॉन्ज के मुकाबले में उसे इंग्लैंड से हार का सामना करना पड़ा।

बैडमिंटन| पोनप्पा-सिक्की को ब्रॉन्ज, सिंधु-साइना मैच आज

बैडमिंटन में अश्विनी पोनप्पा और एन सिक्की रेड्‌डी ने महिला डबल्स का ब्रॉन्ज मेडल जीता। भारतीय जोड़ी ने ऑस्ट्रेलिया की एम स्टेना-जी. सॉमरविले को हराया। वहीं, पीवी सिंधु और साइना नेहवाल ने महिला सिंगल्स फाइनल में जगह बना ली। दोनों रविवार को आपस में भिड़ेंगी। किदांबी श्रीकांत पुरुष सिंगल्स और सात्विक रैंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी भी फाइनल में पहुंच गई है।

अश्विनी पोनप्पा

कुश्ती, वेटलिफ्टिंग शूटिंग और बॉक्सिंग में नंबर-1 रहा भारत

59 में से 45 मेडल इन चार खेलों में ही जीते

भारत गोल्ड कोस्ट में 25 गोल्ड समेत 59 मेडल जीतकर टॉप-3 में बना हुआ है। इनमें से 20 गोल्ड समेत 45 मेडल सिर्फ 4 खेलों में आए। कुश्ती, शूटिंग, वेटलिफ्टिंग में सबसे अधिक गोल्ड और मेडल भी जीते। बॉक्सिंग में सबसे अधिक मेडल के मामले में इंग्लैंड के साथ ज्वाइंट टॉप पर रहा।

कुश्ती : भारत ने 5 गोल्ड समेत 12 मेडल जीते। किसी भी देश से अधिक। नाइजीरिया (3 गोल्ड समेत 8 मेडल) दूसरे नंबर पर रहा। दांव पर 12 गोल्ड समेत कुल 39 मेडल थे।

शूटिंग : भारत ने 7 गोल्ड समेत कुल 16 मेडल जीते। मेजबान ऑस्ट्रेलिया (3 गोल्ड समेत कुल 9 मेडल) दूसरे नंबर पर रहा। दांव पर 19 गोल्ड समेत कुल 57 मेडल थे।

वेटलिफ्टिंग : भारत ने 5 गोल्ड समेत कुल 9 मेडल जीते। समोआ (2 गोल्ड समेत कुल 4 मेडल) दूसरे नंबर पर रहा। दांव पर 16 गोल्ड समेत कुल 48 मेडल थे।

बॉक्सिंग: भारत ने 3 गोल्ड समेत 8 मेडल जीते। इंग्लैंड ने भी इतने ही मेडल जीते। पर उसने भारत के मुकाबले 1 गोल्ड अधिक जीता। दांव पर 8 गोल्ड समेत कुल 32 मेडल थे।

मेडल टैली (टॉप-10)

देश गोल्ड सिल्वर ब्रॉन्ज कुल

ऑस्ट्रेलिया 75 55 57 187

इंग्लैंड 42 40 41 123

भारत 25 16 18 59

कनाडा 15 39 27 81

द. अफ्रीका 13 11 13 37

न्यूजीलैंड 12 16 14 42

वेल्स 10 12 14 36

स्कॉटलैंड 9 13 21 43

नाइजीरिया 9 8 6 23

साइप्रस 8 1 5 14

खबरें और भी हैं...