छत्तीसगढ़: 23 नक्सलियों ने एसपी के सामने बिना हथियार के सरेंडर किया
नारायणपुर | छत्तीसगढ़ के नारायणपुर में शनिवार को 23 नक्सलियों ने एसपी जितेंद्र शुक्ल और आईटीबीपी के द्वितीय कमान अधिकारी केएन पंत के सामने बिना हथियार के समर्पण कर दिया। इस मौके पर एसपी ने कहा कि सभी नक्सली सदस्य पिछले एक साल से पुलिस के संपर्क में थे। वे समाज की मुख्यधारा में शामिल होना चाह रहे थे। पुलिस ने इनके चाल-चलन, व्यवहार एवं समाज के साथ पुनः सामान्य नागरिक की तरह जुड़ने की इच्छा को देखते हुए एक मौका दिया है। नक्सल विरोधी अभियान के चलते कुकड़ाझोर के आसपास पिछले कुछ दिनों से डीआरजी, छत्तीसगढ़ सीमा बल, एसटीएफ, आईटीबीपी द्वारा सर्चिंग की जा रही थी।