गाजियाबाद में दृष्टिहीन और अमेठी में गर्भवती से दुष्कर्म
भास्कर न्यूज नेटवर्क|गाजियाबाद/अमेठी
उत्तर प्रदेश में उन्नाव दुष्कर्म का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ कि शुक्रवार को दुष्कर्म के दो और मामले दर्ज किए गए। गाजियाबाद में दृष्टिहीन नाबालिग लड़की से और अमेठी में एक गर्भवती युवती से दुष्कर्म का मामला दर्ज किया गया है। उधर, दिल्ली के सुल्तानपुरी में भी युवक द्वारा लड़की को बंधक बनाकर उसके साथ दुष्कर्म और मारपीट किए जाने की घटना सामने आई है।
गाजियाबाद में दृष्टिहीन लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद मामले में पुलिस की घोर लापरवाही दिखाई। वह दो दिन पहले बदहवास हालत में मिली थी, लेकिन पुलिस ने उसका बयान भी नहीं लिया। जब उसे चाइल्ड वेलफेयर कमेटी के पास भेजा गया, तब पता चला कि नाबालिग के साथ शर्मनाक वारदात को अंजाम दिया गया था। बाद में शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली। उधर, अमेठी में 35 वर्षीय गर्भवती महिला इलाज के लिये निजी वाहन से तिलोई सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र आ रही थी। रायबरेली-फैजाबाद मार्ग के हसवा मोड़ पर टैक्सी पर सवार चार लोगों ने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपी महिला को बेहोशी की हालत में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए। राहगीरों की शिकायत पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। महिला ने एसपी को बताया कि वह आरोपियों को पहचानती है, लेकिन उनके नाम नहीं जानती।