बेटे की शादी के कार्ड बांटने जा रहे शिक्षक का शव खेतों में पड़ा मिला
स्टेट मेगा हाईवे 45 वैर भुसावर रोड पर गांव भौडागांव के शहीद कुंवरसिंह स्मारक के सामने एक खेत में संदेहास्पद स्थिति में शव मिलने से सनसनी फैल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा मृतक की पहचान नदबई के विजयपुरा निवासी सोनाराम पुत्र चौथीराम प्रजापत के रूप में की। ग्रामीणों ने पुलिस थाना वैर को सूचना दी की भौडागांव के शहीद स्मारक के पास एक बाइक लावारिस अवस्था में खड़ी है तथा सड़क के पास ही एक खेत में एक व्यक्ति मृत अवस्था में पड़ा है। जिस पर पुलिस मय जाब्ते के मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाया। सीएचसी में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बाबूलाल ने बताया कि उसका छोटा भाई मास्टर सोनाराम सिरस मोड व जगजीवनपुर गांव के बीच पुलिया के पास किसी वाहन की टक्कर से घटना होने के संभावना जताई जा रही है। लेकिन उसकी बाइक ढाई किमी दूर भौडागांव के पास सड़क के किनारे खड़ी मिली तथा बाइक से करीब 6 फीट दूर एक खेत में गड्ढे में वह मृत अवस्था में मिला। शव के ऊपर कंटीली झांडियां भी पड़ी मिलीं। इससे मामला हत्या का प्रतीत होता है। पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना भी किया तथा एफएसएल टीम ने साक्ष्य भी जुटाए।
29 अप्रैल को थी बेटे की शादी
मृतक के भाई बाबूलाल प्रजापत ने बताया कि सोनाराम के पुत्र जीतेंद्र उर्फ केशव प्रजापत की 29 अप्रैल की शादी की थी। वह शादी के कार्डों को बाइक से बांटने निकला था। मंगलवार शाम को महवा से कार्ड देकर छोंकरवाड़ा-भुसावर होते हुए कस्बा वैर में कार्ड देने आ रहा था। परिजनों ने बताया कि यह राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय फरसो तहसील बयाना में कार्यरत था तथा जुलाई माह में सेवानिवृत्ति होने वाली थी। थाना प्रभारी विजयसिंह मीना का कहना है कि परिजनों की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं करवाया गया है। मृतक के शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया।