बाइक चुराते युवक को पकड़कर पुलिस को सौंपा
नगर| कस्बे में बुधवार को कस्बेवासियों ने एक युवक को बाइक चुराते रंगे हाथों पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया है। जबकि उक्त बाइक चोर का एक साथी मौके का फायदा उठाकर भाग गया। बुधवार दोपहर करीब 4 बजे दो युवकों को सीताराम मोहल्ला स्थित सीताराम मंदिर के सामने से बाइक चुराने के दौरान लॉक तोड़ते ही मौहल्लेवासियों ने पकड़ लिया। बाद में शोर-शराबा सुनकर मोहल्ले के अन्य लोग एकत्रित हो गए। दिनदहाड़े बाइक चोरी की घटना से आक्रोशित लोगों ने दोनों बाइक चोरों की जमकर धुनाई कर दी। ऐसे में एक चोर मौके का फायदा उठाकर भाग गया। जबकि दूसरे युवक को पुलिस बुलाकर सुपुर्द कर दिया गया। कस्बेवासियों ने पुलिस अधिकारियों से गली, मोहल्लों में दिन की गश्त बढाने की मांग की है।