बारां जिले में बाल विवाह रोका, हलवाई, मामा-मामी सहित पांच लोग गिरफ्तार
भास्कर न्यूज| सीसवाली(बारां)
जिले के सीसवाली इलाके के पटपड़ा गांव में प्रशासन ने अक्षय तृतीया पर बुधवार को बाल विवाह रुकवाया है। बाल विवाह में सहयोग करने पर नाबालिग के मामा, मामी, हलवाई सहित पांच जनों को गिरफ्तार किया है। एसएचओ सत्यनारायण सिंह ने बताया कि सूचना मिली थी कि बारां के आंकेड़ी निवासी गणेशराम मीणा की 17 वर्षीय नाबालिग बेटी की पटपड़ा में मामा रामस्वरूप मीणा, उसकी प|ी तुलसीबाई चुपके से शादी करा रहे हैं। इसकी सूचना किसी ने कलेक्टर कार्यालय में दी। वहां से निर्देश मिलने पर मांगरोल एसडीएम प्रमोद कुमार सिंघव, तहसीलदार रामनिवास मीणा व सीसवाली नायब तहसीलदार सियाराम मीना ने मौके पर पहुंचकर विवाह रुकवा दिया। सीसवाली थाना पुलिस ने मामा रामस्वरूप मीणा, उसकी प|ी तुलसीबाई, गणेशराम, उसकी प|ी सुनीताबाई, हलवाई नंदलाल सोनी पुत्र श्रीलाल सीसवाली सहित पांच जनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को गुरुवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
बूंदी जिले के तालेड़ा में भी पुलिस की कार्रवाई
तालेड़ा (बूंदी) | बूंदी जिले के तालेड़ा उपखंड क्षेत्र के लालपुरा गांव में 21 वर्ष से कम दसवीं के छात्र का होने वाला बाल विवाह पुलिस ने रुकवा दिया। बूंदी तहसीलदार, हल्का पटवारी, पुलिस उपनिरीक्षक नारायणलाल, कानूनगो केसरीसिंह व बीट अधिकारी इंद्रराज सिंह की टीम ने लालपुरा गांव पहुंचकर तहकीकात की तो नाबालिग छात्र की साथेली में आयोजित होने वाले गुर्जर समाज के सामूहिक विवाह सम्मेलन में शादी होना सामने आया। जांच दल ने छात्र के परिजनों को थाने लाकर विवाह नहीं करने के लिए पाबंद किया।