रणथंभौर में दोनों शावकों को जहर देकर मारने की आशंका, आज होगी जांच
भास्कर न्यूज | जयपुर/सवाईमाधोपुर
रणथंभौर टाइगर रिजर्व के सवाई मानसिंह सेंचुरी के आवंड इलाके में 2 शावकों के मौत को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पहले कहा गया था कि इन दोनों शावकों को किसी अन्य बाघ ने मार डाला। लेकिन पोस्टमार्टम में शावकों की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया। अब गुरुवार को वन विभाग की टीम इस एंगल से मामले की जांच करेंगे कि शावकों को जहर तो नहीं दिया गया। प्रदेश के मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक जीवी रेड्डी ने बताया कि गुरुवार को जहां पर दोनों ही शावकों की मौत हुई है, उसे पूरे इलाके की जांच की जाएगी। हालांकि अभी तक जहर से मौत का साक्ष्य नहीं मिला है। दोनों शावकों का पोस्टमार्टम करने के बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया।
बिसरा का सैंपल ले लिया गया है, जिसे जांच के लिए लैब में भेजा जाएगा। खास यह है कि जहां पर शावकों की मौत हुई है, उससे कुछ दूरी पर ही एक गोवंश का शव भी पड़ा हुआ था। पोस्टमार्टम करने वाले डॉ. राजकुमार ने बताया कि शावकों की उम्र 18 माह के करीब थी। इनका शव 24 घंटे से ज्यादा पुराना था। पेट का बिसरा काफी खराब हो चुका था। एक शावक का पेट फटा हुआ था। दूसरे शावक के शरीर पर भी बहुत सारी चोट एवं घाव थे।