सिलेंडर से गैस लीक होने से धधकी आग, 11 झुलसे
भास्कर न्यूज | मौलासर (नागौर)
नागौर जिले के मौलासर क्षेत्र के गांव सुदरासन में शादी से एक दिन पहले प्रीतिभोज कार्यक्रम के दौरान सिलेंडर की पाइप लीक होने के कारण अचानक आग लग गई। इस दौरान एकबारगी विवाह स्थल पर अफरा तफरी मच गई। हालांकि युवकों ने अपनी जान की परवाह न करते हुए आग को बुझाने का प्रयास किया। लेकिन आग की लपटों में आने से झुलस गए। 11 जनों को उपचार के लिए सीकर भेजा गया। लेकिन उनमें से 6 जनों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जयपुर रैफर किया गया। सीकर में भर्ती घायल 5 जनोंं को प्राथमिक उपचार के बाद बुधवार सुबह 11 बजे छुट्टी दे दी गई। जबकि 6 जनों का अभी भी जयपुर में उपचार चल रहा है। सुदरासन निवासी रघुवीर सिंह के पुत्र ऐरावत सिंह की बुधवार को होने वाली शादी के उपलक्ष में मेळ का कार्यक्रम चल रहा था।
इस बीच यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि हादसे से कुछ समय पहले ही वहां आसपास खड़े लोगों ने हलवाई विनोद कुमार को बताया कि गैस की दुर्गंध आ रही है। लेकिन जब तक वो ध्यान देता अचानक सिलेंडर से गैस निकलने लगी और कुछ सैकंड बाद ही आग लग गई। इससे एक बारगी तो कार्यक्रम में अफरा-तफरी मच गई।