- Hindi News
- National
- स्कूलों में दो चरणों में प्रवेशोत्सव 26 अप्रैल से, अभिभावकों को भेजेंगे निमंत्रण पत्र
स्कूलों में दो चरणों में प्रवेशोत्सव 26 अप्रैल से, अभिभावकों को भेजेंगे निमंत्रण पत्र
राज्य सरकार सरकारी स्कूलों में इस साल भी दो चरणों में प्रवेशोत्सव अभियान चलाकर राजकीय स्कूलों में नामांकन का लक्ष्य अर्जित करने का प्रयास किया जाएगा। स्कूलों में नामांकन वृद्वि के उद्देश्य से आयोजित प्रवेशोत्सव कार्यक्रम के पिछले शैक्षिक सत्रों में अनुकूल परिणाम मिलने पर निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर की ओर से निर्देश जारी किए गए है। जिसमें उन्होंने बोर्ड परीक्षाओं में बैठे विद्यार्थियों का ठहराव उसी विद्यालय में सुनिश्चित किए जाने एवं नामांकन बढ़ोतरी के लक्ष्य को अर्जित करने के लिए अगली कक्षा में प्रवेश देने का संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए है।
शिक्षा विभाग की ओर से प्रवेशोत्सव के दौरान स्कूल परिसीमन क्षेत्र के आने वाले 6 से 14 आयु वर्ग के शिक्षा से वंचित रहे उन सभी बच्चों को पीईईओ लॉग इन पर स्कूल में चाइल्ड ट्रेकिंग सिस्टम सीटीएस के आधार पर नामित किए जाने के संस्थाप्रधानों को निर्देश दिए है। विभाग ने 5वीं,8वीं एवं 10वीं बोर्ड परीक्षा में शामिल हुए विद्यार्थियों को परीक्षा समाप्ति के अगले दिन से ही अगली कक्षाओं में अस्थायी प्रवेश देने के निर्देश भी दिए हैं। प्रवेश उत्सव के दौरान शिक्षकों को टोली बनाकर डोर टू डोर दस्तक देकर लक्ष्य अर्जित करने के साथ ही विभाग की उपलब्धियों व रैकिंग का प्रचार-प्रसार करने एवं अभिभावकों को प्रवेश निमंत्रण भिजवाने को भी कहा गया है।
ग्राम सभाओं में शत प्रतिशत नामांकन पर होगी चर्चा : निदेशक माध्यमिक शिक्षा बीकानेर की ओर से जारी आदेश में 16 से 30 अप्रेल तक ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग की ओर से प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लिए होने वाली विशेष ग्राम सभाओं के दौरान संबंधित पीईईओ एवं संस्थाप्रधानों को स्कूलों में शत प्रतिशत नामांकन के लक्ष्य अर्जित करने में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, भामाशाहों, स्वयंसेवी संस्थाओं,गैर राजकीय संगठनों आदि का सहयोग लेने का निर्देश दिया है।
प्रथम चरण 26 अप्रैल से
प्रवेशोत्सव का प्रथम चरण 26 अप्रेल से 9 मई तक और द्वितीय चरण 19 जून से 30 जून तक चलाया जाएगा। प्रवेशोत्सव के दौरान विद्यार्थियों को निशुल्क पाठ्यपुस्तकों व प्रोत्साहन सामग्री का वितरण होगा। प्रतिदिन के कार्यक्रम एवं उनके प्रचार-प्रसार के साथ स्थानीय जनप्रतिनिधियों का सहयोग लेने व 30 अप्रेल को सभी सरकारी स्कूलों में एसएमसी,एसडीएमसी साधारण सभा की बैठकों के साथ शिक्षक अभिभावक परिषद बैठक आयोजित कर वृहद कार्य योजना बनाकर पारस्परिक विचार विमर्श से नामांकन के लक्ष्य तय कर प्राप्त करने के भी आदेश दिए हैं।
परिणाम आने से पहले अगली कक्षा में मिलेगा अस्थायी प्रवेश : शिक्षा विभाग ने पिछले दिनों 8वीं व 10वीं की बोर्ड परीक्षा में बैठे विद्यार्थियों को अगली कक्षा में अस्थायी प्रवेश दिए जाने का संस्थाप्रधानों को पाबंद किया है।इसी प्रकार 5 वीं बोर्ड की परीक्षा 13 अप्रेल को समाप्त होने के बाद अब इन विद्यार्थियों को 16 अप्रेल से छठी कक्षा में अस्थायी प्रवेश देने के आदेश दिए है।