नारायणपुर के नैयाडीह पंचायत अंतर्गत बड़ाबेवा गांव में शनिवार को आयोजित होने वाले प्रशासन का जनता दरबार की आवश्यक तैयारी पूरी कर ली गयी है। प्रशासन के जनता दरबार में मुख्य रूप से भाग लेने के लिये जिले के उपायुक्त आदित्य कुमार आनंद, विधायक डाॅ. इरफान अंसारी, उपविकास आयुक्त, अपर समाहर्ता विधान चंद्र चौधरी, पुलिस अधीक्षक डाॅ जया राय, अनुमंडल पदाधिकारी नवीन कुमार, सहित जिले के कई आला अधिकारियों के शामिल रहने की संभावना है। नारायणपुर प्रखंड के बीडीओ जहीर आलम ने अपने अधीनस्थ कर्मियों को कार्यक्रम के सफलता को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिया। जनता दरबार को लेकर स्थल पर भव्य पंडाल का निर्माण कराया गया है। बीडीओ ने कहा कि इस कार्यक्रम में ग्रामीण अपनी समस्याओ को बेबाक तरीके से रख सकते है। जिसका ऑन द स्पाॅट समाधान किया जायेगा। उन्होंने लोगों से इस कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की है। इस संबंध में प्रखंड के प्रधान सहायक श्याम सुंदर हलदार ने बताया कि इस कार्यक्रम को लेकर सभी आवश्यक तैयारी अंतिम चरण में है।
आदिवासी मोर्चा सम्मेलन में उपस्थित विधायक।