- Hindi News
- National
- उपेक्षा के कारण बेकार पड़ा है नारायणपुर के बथानबाड़ी खेल मैदान में बना स्टेडियम
उपेक्षा के कारण बेकार पड़ा है नारायणपुर के बथानबाड़ी खेल मैदान में बना स्टेडियम
नारायणपुर से करीब 3 किलोमीटर दूर बथानबाड़ी गांव में स्थित खेल स्टेडियम आज पूरी तरह बेकार पड़ा हुआ है। जिसे शोभा की वस्तु भी नहीं कहा जा सकता। बजरंग दल के जिला संयोजक सोनू सिंह एवं प्रखंड संयोजक प्रकाश मंडल आदि ने विभाग से इस बेकार पड़े खेल स्टेडियम के सौंदर्यीकरण कराने की मांग की है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं के अलावा ग्रामीणों ने बताया कि स्टेडियम के निर्माण के 5 साल से अधिक हो गए है। सरकार एवं विभाग द्वारा लाखों रुपए की लागत से इसका निर्माण कर केवल औपचारिकताएं पूरी की गई है। स्टेडियम के निर्माण से आज तक सरकारी एवं गैर सरकारी स्तर पर एक भी खेल प्रतियोगिता का आयोजन नहीं किया गया और न ही किसी प्रकार के अन्य कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। कहा कि यह स्टेडियम विभागीय उपेक्षा का शिकार है। लाखों रुपए की लागत से इसका निर्माण कराया गया। विभागीय स्तर पर बराबर किसी न किसी प्रकार के खेल प्रतियोगिता का आयोजन होता रहता है पर विभाग के लोगों द्वारा भी इस स्टेडियम को उस लायक नहीं समझा गया। उपयोग में नहीं लाने एवं देखरेख के अभाव के कारण दिनानुदिन इसका अस्तित्व समाप्त होता जा रहा है। इसमें लगाए गए गेट, खिड़की, चौखट के किवाड़ सब के सब समाप्त हो गए। इसका एक मुख्य कारण है कि इतना बड़ा रकम खर्च कर विभाग द्वारा स्टेडियम का निर्माण तो कर दिया गया। पर इसके देखरेख के लिए कोई व्यवस्था नहीं की गई। लोगों ने कहा कि विभागीय स्तर पर अनदेखी के कारण है सुदूर क्षेत्र में बनाया स्टेडियम आज पूरी तरह अनुपयोगी साबित हो रहा है।