पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • बस स्टैंड पर दिनदहाड़े दो गुटों में फायरिंग, यात्रियों में भगदड़

बस स्टैंड पर दिनदहाड़े दो गुटों में फायरिंग, यात्रियों में भगदड़

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
बस अड्डा नारनौल परिसर में गुरुवार दोपहर अज्ञात कारणों के चलते लाठी-डंडों से लैस दो छात्र गुटों में झगड़ा हो गया। झगड़े में दोनों गुटों ने हवा में एक-एक राउंड फायरिंग कर एक-दूसरे पर दबाव बनाने की कोशिश की। अचानक फायरिंग होने पर बस स्टैंड में मौजूद यात्रियों में भगदड़ मच गई।

करीब 10 से 15 मिनट तक बस स्टैंड पर लोग दहशत में रहे। इसके बाद सूचना मिलने पर महावीर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर पहुंची देख दोनों गुटों के सदस्य बस स्टैंड की दीवार फांदकर मौके से फरार हो गए। घटना गुरुवार दोपहर करीब डेढ़ बजे हुई। आईटीआई वर्दी पहने लाठी, डंडों व लोहे की राड से लैस दो गुटों के 18-20 छात्र यादव धर्मशाला की तरफ से दीवार फांदकर सामान्य बस अड्डा परिसर पहुंचे। यहां पहुंचते ही दोनों गुटों में झगड़ा हो गया। एक गुट के युवक ने दूसरे गुट पर दबाव बनाने के लिए अपनी पिस्तौल बाहर निकाल कर हवा में लहरा कर फायरिंग कर दी। इस पर दूसरे गुट के एक युवक ने भी अपनी पिस्तौल निकाली और हवा में जवाबी फायरिंग कर दी। इस बीच वहां मौजूद मुसाफिर दहशत में आ गए और लोगों में भगदड़ मच गई। करीब 10 से 15 मिनट तक बस अड्डा पर दहशत का माहौल बना रहा। बस अड्डा इंचार्ज ने इसकी जानकारी महावीर पुलिस चौकी में दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को मौके पर पहुंची देख दोनों गुट बस स्टैंड की दीवार फांद कर फरार हो गए। इस संदर्भ में रोडवेज विभाग के एसएसए ने महावीर पुलिस चौकी इंचार्ज सज्जन सिंह को शिकायत पत्र देकर आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई करने व यात्रियों की सुरक्षा के लिए यहां दो पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाने की मांग की है।

पुलिस के पहुंचने से पहले ही सभी बदमाश दीवार फांदकर हुए फरार

खबरें और भी हैं...