महिला कैदियों को दी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी
नारनौल | जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ. सरिता गुप्ता ने गुरुवार को जिला जेल नसीबपुर में महिला कैदियों व उनके बच्चों को उनके अधिकारों की जानकारी के लिए 10 दिवसीय विशेष कानूनी जागरूकता शिविर का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि शिविर में आपको अपने अधिकारों के बारे में जानकारी मिलेगी साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम से आपके जीवन में नई ऊर्जा का संचार होगा। जीवन के प्रति आपका नजरिया बदलेगा। डॉ. गुप्ता ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिला कैदियों व उनके बच्चों के कल्याण के लिए जो योजनाएं चलाई जा रही हैं उनके बारे में भी बताया जाएगा। इस कैंप में जो महिलाएं कानूनी स्वयंसेवक बनना चाहती हैं उनकी पहचान करके उन्हें मौका दिया जाएगा। शिविर में एडवोकेट गिरीबाला यादव व अनुप्रिया ने जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा दी जाने वाली कानूनी सहायता के बारे में कैदियों को बताया। इस मौके पर एसपी जेल दीपक शर्मा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं सीजेएम विवेक यादव मौजूद थे।