डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन की जिला इकाई ने मांगों को लेकर गुरुवार को प्रधान राजेश वर्मा के नेतृत्व में जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ के मार्फत मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित कर जिला कैथल के गुहला के एसडीओ वेदपाल को निलंबित एवं गिरफ्तार करने के स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के आदेश निरस्त करने की मांग की।
इससे पूर्व विभिन्न विभागों में कार्यरत डिप्लोमा इंजीनियरों ने सिंचाई विभाग के रेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की। बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रधान राजेश वर्मा ने बताया कि गत दिनों कष्ट निवारण समिति की बैठक में विधायक कुलवंत के इशारे पर जनस्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने गुहला उपमंडल के एसडीओ वेदपाल पर भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने एवं निलंबित करने के आदेश दिए थे। जो गलत है। इसलिए डिप्लोमा इंजीनियर की मांग है कि एसडीओ वेदपाल पर दर्ज भ्रष्टाचार का मामला व निलंबन के आदेश निरस्त किए जाएं। साथ ही एसडीओ से साथ मारपीट करने वाले आरोपितों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया जाए। जनस्वास्थ्य मंत्री अनिल विज अपने दुर्व्यवहार के लिए माफी मांगे।
उन्होंने बताया कि लघु सचिवालय कैथल में अनिल विज की कार्यशैली व विधायक कुलवंत बाजीगर की गुंडागर्दी के खिलाफ डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन, सर्व कर्मचारी संघ, कर्मचारी महासंघ, हसला, पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल यूनियन, आंगनबाड़ी वर्कर यूनियन व खेत किसान मजदूर यूनियन आदि संगठन संयुक्त रूप अनिश्चितकालीन धरना चल रहा है। 28 मई को जिले भर सभी संगठन कैथल धरना स्थल पर पहुंच कर उनका समर्थन करेंगे। इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष देवेंद्र यादव, उपप्रधान महीपाल सिंह, जिला सचिव दरियाव सिंह, ब्रांच सचिव नितिन यादव, देवेंद्र यादव, राहुल यादव व विक्रम यादव मौजूद थे।
नारनौल. जन स्वास्थ्य विभाग के एसडीओ को ज्ञापन सौंपते डिप्लोमा इंजनियर ।