पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • नप कर्मियों ने हड़ताल के 7वें दिन मुख्यमंत्री को भेजा मांगों का ज्ञापन

नप कर्मियों ने हड़ताल के 7वें दिन मुख्यमंत्री को भेजा मांगों का ज्ञापन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नारनौल. सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नप कर्मचारी।

भास्कर न्यूज | नारनौल

नगर परिषद कर्मचारियों की हड़ताल 7वें दिन मंगलवार भी जारी रही। इस मौके पर हड़ताली कर्मचारियों ने सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले विरोध प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया। प्रदर्शन की अध्यक्षता सर्व कर्मचारी संघ की राज्य कार्यकारिणी के सदस्य महेंद्र सिंह बोयत ने की।

बैठक में महेंद्र बोयत ने कहा कि 2014 में हुए विधानसभा चुनावों में भाजपा द्वारा जारी घोषणापत्र में किए वादों जैसे ठेका प्रथा बंद करने, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करने, 15 हजार न्यूनतम वेतन लागू करने, शिशु भत्ता दोगुणा करने, पंजाब के समान वेतन व पेंशन देने की मांग को लेकर कर्मचारी आंदोलन कर रहे हैं। कर्मचारियों ने हड़ताल पर जाने से पहले 17 मार्च को विभाग की मंत्री के सोनीपत आवास पर ज्ञापन देकर हड़ताल पर जाने की बात कही थी। 2-3 मई को 24 घंटे की भूख हड़ताल व 8 मई को मशाल जुलूस निकालने के बाद भी सरकार व विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं हुई।

इसके चलते कर्मचारियों को हड़ताल पर जाने को मजबूर होना पड़ा। सरकार को चाहिए कि वह कर्मचारियों से बातचीत कर उनकी समस्या का समाधान निकाले। नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रधान पूर्णचंद जैदिया ने कहा कि सरकार बातचीत से मांगों का समाधान करने की बजाए बिना अधिसूचना के हड़ताली कर्मचारियों पर एस्मा के तहत कार्रवाई करने की धमकी देकर हालात बिगाड़ने का काम कर रही है। सरकार ठेकेदारों के बाउंसरों व पुलिस की मदद से सफाई करवाने का प्रयास कर रही है। इससे किसी भी समय बड़ा टकराव हो सकता है। इस अवसर पर सर्वकर्मचारी संघ के जिला महासचिव किरोड़ीमल सैनी, किसान सभा के जिला प्रधान महेंद्र कुमार, कौशल, अशोक पालीवाल, भूपसिंह, करतार सिंह, सुनील ने भी संबोधित किया। संबंधित खबर पेज-4 पर भी

खबरें और भी हैं...