एसडीई वेदपाल की गिरफ्तारी व सस्पेंड संबंधी आदेश को निरस्त करने की मांग
विभिन्न विभागों में कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं की बैठक मंगलवार को लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह में डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के बैनर तले हुई। इसकी अध्यक्षता एसोसिएशन के जिला प्रधान राजेश वर्मा ने की। बैठक में प्रधान ने बताया कि 8 मई को गुहला के विधायक कुलवंत बाजीगर के भतीजे एवं नगरपालिका गुहला के सचिव अशोक कुमार ने अपने तीन कर्मचारियों एवं अन्य गुंडा तत्वों के साथ मिलकर जनस्वास्थ्य विभाग गुहला के उपमंडल अभियंता(एसडीई) वेदपाल श्योकंद पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना के बाद जिला कैथल की कष्ट निवारण समिति की बैठक के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने दोषियों की झूठी शिकायत पर बिना जांच कराए और बगैर एसडीई को सुने उनको सस्पेंड करने व उनके खिलाफ भ्रष्टाचार का मुकदमा दर्ज कराने का तुगलकी फरमान सुना दिया। इन सब घटनाओं से डिप्लोमा इंजीनियर्स में भारी रोष है।
उन्होंने बताया कि इस अन्याय के विरुद्ध कई संगठन समर्थन में आ गए हैं और लघु सचिवालय कैथल में अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर दिया है। 14 मई को समस्त हरियाणा के विभिन्न विभागों में कार्यरत कनिष्ठ अभियंताओं व उपमंडल अभियंताओं ने धरनास्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। डिप्लोमा इंजीनियर्स एसोसिएशन के आह्वान पर 17 मई को प्रत्येक जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन कर जिला उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन प्रेषित किए जाएंगे। इसके साथ-साथ सभी जेई व एसडीओ काले बिल्ले लगाकर रोष प्रकट करेंगे तथा 24 मई को जिला महेंद्रगढ़ के सभी कनिष्ठ अभियंता कैथल पहुंचकर आंदोलन में शामिल होंगे। प्रधान ने कहा कि यह आंदोलन जब तक जारी रहेगा जब तक मांगें नहीं मानी जाएंगी। बैठक में उपप्रधान महीपाल सिंह, ऑडिटर विक्रम सिंह, ब्रांच सचिव नितिन यादव, देवेंद्र यादव धौलेड़ा ब्रांच सचिव, कृष्ण यादव, अशोक यादव, गजराज सिंह, सुशील यादव, जयाराम, भूपेंद्र शर्मा, निशांत आदि विभिन्न विभागों के कनिष्ठ अभियंता उपस्थित थे।