पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • आज शाम तक मांगें नहीं मानी तो कल से बेमियादी हड़ताल

आज शाम तक मांगें नहीं मानी तो कल से बेमियादी हड़ताल

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नारनौल. अपनी मांगों को लेकर धरना देते नगर परिषद के सफाई कर्मचारी।

भास्कर न्यूज | नारनौल

नगर पालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर नगर परिषद सफाई कर्मचारियों ने 8वें दिन बुधवार भी हड़ताल जारी रखी। हालांकि उनका पूर्व निर्धारित कार्यक्रम विधायकों के निवास पर प्रदर्शन करने का था, किंतु चंडीगढ़ में सीएम के साथ होने वाली बैठक के चलते उन्होंने इसे टाल दिया तथा नगर परिषद कार्यालय परिसर में अपना धरना जारी रखा। इस हड़ताल से शहर में सफाई पूरी तरह से ठप है। शहर कूड़ा घर बनता जा रहा है। अधिकारियों के निवास स्थान वाला हिस्सा छोड़ नारनौल व महेंद्रगढ़ समेत अन्य शहरों का कोई भी हिस्सा नहीं जहां कूड़े का अंबार न हो और नालियां गंदगी से न भरी हों। न प्रशासन इस हड़ताल को तोड़ पा रहा है और न ही सरकार।

वहीं बुधवार को हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए प्रधान जैदिया ने कहा कि अपनी जायज मांगों को लेकर प्रदेशभर में नगर पालिका व परिषदों के कर्मचारियों की हड़ताल 8वें दिन में प्रवेश कर गई है, लेकिन सरकार आंख, कान मूंदे बैठी है। सफाई कर्मचारियों के एक सप्ताह से हड़ताल पर होने के कारण प्रदेशभर में गंदगी का आलम है। इससे बीमारियां फैलने की आशंका हो गई है, लेकिन सरकार ना तो गंदगी के प्रति और ना ही कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीर है। अब आर-पार की लड़ाई होगी। अगर सरकार ने 17 मई की शाम तक कर्मचारियों की मांगे नहीं मानी तो 18 मई से अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी जाएगी।

बातचीत से निकले समाधान

संघ के सचिव प्रताप सिंह जैदिया ने कहा कि सरकार अपनी हठ छोड़कर कर्मचारियों की मांगों का समाधान करे। ताकि प्रदेश में फैली गंदगी से निजात मिल सके। सरकार को चाहिए कि बातचीत के जरिए मांगों का समाधान हो सके।सर्व कर्मचारी संघ के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य एवं जिला प्रभारी महेंद्र सिंह बोयत ने कहा कि नगर पालिका व नगर परिषद कर्मचारियों की मांगें जायज हैं क्योंकि चुनावों से पूर्व भाजपा ने अपने घोषणापत्र में ये सब वादे किए थे, लेकिन अब इनको पूरा नहीं किया जा रहा है। हड़ताली कर्मचारियों को रोडवेज कर्मचारी नेता राजपाल, भागीरथ खनगवाल, लालाराम ने भी अपना समर्थन दिया। इनके अलावा दीपचंद जैदिया, निरंजन लाल, रामोतार, रोहताश सिंह, भीम सिंह, राजेंद्र जैदिया, राजेश, निरंजन, पूर्णचंद, निर्मला, बिमला, पूनम, राम रति, मनोज देवी ने भी संबोधित किया।

खबरें और भी हैं...