पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • National
  • न बिजली मिल रही है न पानी, ऊपर से गंदगी ने किया जीना मुहाल और हाथ पे हाथ धरे बैठा है जिला प्रशासन

न बिजली मिल रही है न पानी, ऊपर से गंदगी ने किया जीना मुहाल और हाथ पे हाथ धरे बैठा है जिला प्रशासन

3 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
भास्कर न्यूज | नारनौल/ महेंद्रगढ़

जिले के हालात दिन-प्रतिदिन बद से बदतर होते जा रहे हैं। लोगों को न बिजली मिल रही है न उसके बिना पानी, सफाई कर्मियों की हड़ताल के कारण गंदगी संभले नहीं संभल रही। हर दिन निकल रहे कूड़े से सड़कों पर अंबार। मुख्य सड़कें ही नहीं गली मोहल्लों में गंदगी से बुरा हाल है। लोग बीमार हो रहे हैं बाजारों में व्यवसाय प्रभावित हो रहा है। गली मोहल्लों से लेकर दुकानदार तक हर रोज प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन आश्वासन मिलता है स्थिति जस की तस रहती है। बिजली, पानी, सफाई तीनों ही मूलभूत सेवाओं की बदतर हालत को लेकर जिला प्रशासन हाथ पे हाथ रख कर बैठा है।

शुरुआत करते हैं बिजली व्यवस्था से बिजली निगम नारनौल के अधिकारियों की मनमानी इन दिनों लोगों पर भारी पड़ रही है। भीषण गर्मी के बावजूद निगम न दिन में बिजली दे रहा है और न ही रात को। स्थिति यह है कि बिजली वितरण व्यवस्था का कोई शेड्यूल नहीं है। इतना ही नहीं, घंटों बिजली न होने से परेशान उपभोक्ताओं द्वारा जब निगम के अधिकारियों से फोन पर संपर्क किया जाता है तो अक्सर फोन रिसीव नहीं किया जाता है। भूल से कभी-कभार फोन उठा भी लिया तो कोई कारगर जवाब नहीं दिया जाता है। इस प्रकार जिले के उपभोक्ता बिजली अधिकारियों के रहमो-करम पर निर्भर हैं। इससे उपभोक्ताओं में भारी रोष है।

रिकार्ड के अनुसार शहर को मिल रही है निर्बाध बिजली

दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम के एसई कार्यालय के रिकार्ड के अनुसार नारनौल शहर में महेंद्रगढ़ रोड स्थित 220 केवी विद्युत सब स्टेशन, निजामपुर रोड स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन व हुडा स्थित 33 केवी विद्युत सब स्टेशन से बिजली सप्लाई होती है। इन पावर हाउसों पर कार्यरत इंचार्जों के अनुसार यहां से शहर के लोगों को निर्बाध रुप से बिजली सप्लाई की जा रही है। हां उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार लाइन लोड के हिसाब से सिटी फीडर 6 पर रोजाना सुबह 5 बजे से 7 बजे तक कट लगाया जाता है। इसी प्रकार सिटी फीडर 8 पर रोजाना सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे तक पावर कट लगाया जाता है। अन्य फीडरों पर भी लाइन लोस के अनुसार 24 घंटे में केवल 1 से 2 घंटे का पावर कट लगाया जाता है। इसके अलावा कभी-कभार लाइन में फाल्ट आने पर 5 से 10 मिनट के लिए बिजली बंद करवाई जाती है। इस प्रकार पावर हाउसों से उपभोक्ताओं को 24 में से 20 से 21 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है, लेकिन पावर हाउस से चली यह बिजली अधिकारियों की मनमानी के चलते उपभोक्ताओं तक नहीं पहुंच रही है। क्योंकि मेंटीनेंस के नाम पर रोजाना घंटों बिजली गुल कर दी जाती है, लेकिन मेंटीनेंस के नाम पर किया जाने वाला कार्य कहीं दूर-दूर तक नजर नहीं आता है।

शहरी क्षेत्र में 12 से 14 घंटे मिल रही है बिजली

शहर में पिछले 15 दिनों से शहर में बिजली वितरण व्यवस्था का बुरा हाल है। दिन भर हर आधे घंटे के बाद अघोषित बिजली कट लगाए जा रहे हैं। एक बार गुल हुई बिजली कम आएगी, इसका कोई पता नहीं है। ऐसी ही स्थिति रात में रहती है। अघोषित पावर कटों के चलते इनवर्टर भी फेल हो रहे हैं। बिजली कटों के कारण जहां लघु उद्योगों से लेकर जूस की दुकान चलाने वाले दुकानदारों को व्यवसाय ठप हो रहा है। बुधवार को सुबह 9 से शाम 5 बजे तक साढ़े 5 घंटे रही बिजली गुल सिटी फीडर नंबर-8 से शहर के अधिकांश हिस्से में बिजली सप्लाई होती है। बुधवार को सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक ही इस फीडर पर 7 घंटे बिजली गुल रही। इस फीडर पर पहला कट सुबह 9.45 से 10.15 बजे तक लगा। इसके बाद 10.25 से 10.30 बजे तक दूसरा कट लगाया गया। तीसरा कट 10.45 बजे से शाम 2.30 बजे तक लगा। चौथा कट 3.45 बजे से शाम 4.05 बजे तक लगा। इस प्रकार 8 घंटे में साढ़े 5 घंटे बिजली गुल रही। ग्रामीण क्षेत्र में तो इससे भी बुरा हाल है। ग्रामीण क्षेत्र में लोगों को न दिन में बिजली मिल रही है और न ही रात को।

20 से 21 घंटे दे रहे हैं सप्लाई

निजामपुर रोड स्थित 33 केवी बिजली सब स्टेशन पर रोजाना लाइन लोस के हिसाब से सिटी फीडर 8 पर सुबह 5.30 बजे से 7.30 बजे पावर कट लगाया जाता है। इसी प्रकार फीडर 6 पर सुबह 5 से 7 बजे तक कट लगाया जाता है। इसके अलावा लाइन में फाल्ट आने पर 5 से 10 मिनट के लिए दो/तीन कट लगाए जाते हैं। इस प्रकार पावर हाउस से रोजाना 20 से 21 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। | - लालसिंह, पॉवर हाउस इंचार्ज निजामपुर रोड नारनौल।

5

गांवों की पानी सप्लाई ठप, आंधी में गुल हुई बिजली अभी तक नहीं हुई बहाल

निजामपुर | नलवाटी क्षेत्र में 3 मई की शाम को आई आंधी में गुल हुई बिजली कुछ क्षेत्रों में तो आज तक बहाल नहीं हो पाई है। इस कारण 13 दिन से पांच गांवों में पेयजल आपूर्ति ठप पड़ी है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। गांव इस्लामपुरा के सरपंच लेखराज, गावड़ी जाट के सरपंच राजेश कुमार, सरेली के सरपंच बल्लू ने बताया कि 3 मई को नलवाटी क्षेत्र में आंधी आई थी। इस कारण कई जगह बिजली के खंभे व तार टूट गए थे। इससे निजामपुर पावर हाउस से बिजली सप्लाई ठप हो गई थी। जो कई जगह तो अभी तक बहाल नहीं हो पाई है। इनमें एक स्थान है गावड़ी जाट गांव का पेयजल बूस्टिंग स्टेशन। यह बूस्टिंग स्टेशन नारनौल स्थित नाबार्ड पेयजल सिस्टम से भरा जाता है। इससे पांच गांव-गावड़ी जाट, इस्लामपुरा, सरेली, रोपड़सराय व इस्लामपुरा में पेयजल सप्लाई होता है। इस बूस्टिंग स्टेशन की बिजली धौलेड़ा क्रेशर जोन के सप्लाई फीडर से जुड़ी है। आंधी से इस फीडर की बिजली भी बाधित हो गई थी। निगम के कर्मचारियों ने क्रेशर जोन की बिजली तो 5 घंटे में चालू कर दी थी, लेकिन गावड़ी जाट बूस्टिंग स्टेशन की बिजली आज तक बहाल नहीं हो पाई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब क्रेशर जोन की बिजली सप्लाई बहाल हो सकती है तो बूस्टिंग स्टेशन की क्यों नहीं। जबकि हिसाब से पेयजल बूस्टिंग स्टेशन की बिजली सप्लाई पहले बहाल होनी चाहिए थी। बिजली कर्मचारियों की लापरवाही व अनदेखी के चलते पांच गांवों में 13 दिन से पीने के पानी की सप्लाई नहीं हो रही है। पानी की कमी के चलते लोगों की दिनचर्या ही बदल गई है। ग्रामीणों ने कहा कि अगर तत्काल बिजली आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे आंदोलन को विवश होंगे।

इसी फीडर व लाइन से जुड़े क्रेशर जोन की बिजली सप्लाई 5 घंटे में बहाल कर देने से ग्रामीणों में रोष

लाइन के खंभे टूट गए थे। इसके कारण बिजली बहाल नहीं हो पाई थी। अब खंभे खड़े किए जा रहे हैं। जल्द ही बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी। - मनोज कुमार, एक्सईएन बिजली निगम, नारनौल।

खबरें और भी हैं...